• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. PM Modi addressed election rally in bulandsahar
Last Updated : गुरुवार, 25 जनवरी 2024 (14:44 IST)

पश्चिम यूपी में पीएम मोदी को याद आए कल्याण सिंह, जोड़ा राम से राष्‍ट्र का कनेक्शन

narendra modi in bulandsahar
PM Modi in bulandsahar news : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से भाजपा के लिए मिशन 2024 का आगाज किया। उन्होंने यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि हमें देव से देश और राम से राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है। हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।
 
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद के दशकों में लंबे समय तक भारत में विकास को केवल कुछ ही क्षेत्रों में सीमित रखा गया। देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा विकास से वंचित रहा। उसमें भी उत्तर प्रदेश जहां देश की सबसे अधिक आबादी बसती थी, उस पर उतना ध्यान नहीं दिया गया।
 
उन्होंने कहा कि ये इसलिए हुआ क्योंकि लंबे समय तक यहां सरकार चलाने वालों ने शासकों की तरह बर्ताव किया। जनता को अभाव में रखने का, समाज में बंटवारे का रास्ता, उनको सत्ता पाने का सबसे सरल माध्यम लगा। इसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने भुगती है लेकिन साथ-साथ देश को भी इसका बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है लेकिन अभी भी सशक्त राष्ट्र निर्माण का और सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति बढ़ानी है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना है।
 
पीएम मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र ने देश को कल्याण जी जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने रामकाज और राष्ट्रकाज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं वो अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे।
 
उन्होंने कहा कि अयोध्या में मैंने राम लला के सान्निध्य में कहा था कि राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है।
 
उन्होंने कहा कि आज पश्चिमी यूपी को विकास के लिए 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स भी मिले हैं। ये  प्रोजेक्ट्स रेल लाइन, हाइवे, पेट्रोलियम पाइपलाइन, पानी, सीवेज, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक शहर से जुड़े हुए हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
पीएम ने युवाओं से मांगे भाजपा के घोषणापत्र के लिए सुझाव, नमो ऐप पर भेजने का किया आग्रह