1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Indian voters proved the West wrong

मतदाताओं ने भारतीय लोकतंत्र के बारे में पश्चिम को गलत साबित किया, किसने कहा ऐसा?

Indian voters proved the West wrong
Lok Sabha elections : 2024 भारतीय-अमेरिकी नेता जसदीप सिंह जस्सी (Jasdeep Singh Jassi) ने कहा कि भारत में हाल में संपन्न चुनावों (elections) ने न केवल देश की मजबूत चुनावी प्रक्रिया को दर्शाया बल्कि दुनिया को भारतीय लोकतंत्र के लचीलेपन और जीवंतता के बारे में भी बड़ा संदेश दिया है।
 
'सिख फॉर अमेरिका' के नेता जसदीप सिंह जस्सी ने एक साक्षात्कार में बताया कि भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की अखंडता के संबंध में पश्चिमी मीडिया में आशंका थी लेकिन भारत के चुनाव परिणामों ने निर्णायक रूप से ऐसे संदेहों को दूर कर दिया है। नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं।

 
आम चुनावों के दौरान 2 हफ्ते तक पंजाब में रहे सिंह ने कहा कि पश्चिम द्वारा ऐसे आरोप लगाए जा रहे थे कि चुनाव आयोग कमजोर है और वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी है लेकिन ये आरोप बेबुनियाद साबित हुए हैं। यह चुनाव देश में चुनावों की वैधता और निष्पक्षता को रेखांकित करता है।
 
सिंह ने कहा कि भारत के लोगों ने अपने मत के जरिए यह दिखा दिया है कि वे देश के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हैं। भारतीय लोकतंत्र ज्यादा परिपक्व हुआ है और हाल के चुनावों के परिणामस्वरूप यह और मजबूत हुआ है। पंजाब से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए सिंह ने कहा कि चुनावों ने मानवाधिकारों के उल्लंघन और स्वतंत्रता पर अंकुश के आरोपों को और भी गलत साबित कर दिया है।

 
उन्होंने कहा कि खालिस्तान समर्थक कट्टरपंथी अलगाववादी अमृतपाल सिंह ने जेल से चुनाव लड़ा और जीत गया। इसके अलावा इंदिरा गांधी की हत्या करने वाले बेअंत सिंह के बेटे ने भी चुनाव जीता है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
नरेंद्र मोदी 3.0 कैबिनेट के संभावित चेहरे, गठबंधन के साथ जातिगत व सामाजिक संतुलन साधने की कवायद