शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Congress stunned by income tax notice
Last Updated : शुक्रवार, 29 मार्च 2024 (16:24 IST)

आयकर नोटिस से तिलमिलाई कांग्रेस, कहा- भाजपा से भी वसूलें जुर्माना

चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस के लिए बड़ा झटका

आयकर नोटिस से तिलमिलाई कांग्रेस, कहा- भाजपा से भी वसूलें जुर्माना - Congress stunned by income tax notice
Income Tax Department's notice to Congress: कांग्रेस (Congress) ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कहा कि लोकसभा चुनाव (Lok Sabha) से ठीक पहले आयकर विभाग (Income Tax) ने 5 अलग-अलग वित्तीय वर्षों के टैक्स रिटर्न में कथित विसंगतियों के लिए 1823.08 करोड़ रुपए के भुगतान के नए नोटिस उसे जारी किए हैं लेकिन उसने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लेकर आंखें बंद कर ली हैं जबकि उस पर 4600 करोड़ रुपए का जुर्माना बनता है।

 
भाजपा से भी करें भुगतान की मांग : पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि लोकसभा चुनाव से पहले कर आतंकवाद (टैक्स टेररिज्म) के जरिए विपक्ष पर हमला किया जा रहा है। पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने आरोप लगाया कि जिन मापदंडों के आधार पर कांग्रेस को जुर्माने के नोटिस दिए गए हैं, उन्हीं के आधार पर भारतीय जनता पार्टी से 4600 करोड़ रुपए से अधिक के भुगतान की मांग करनी चाहिए।
 
चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस के लिए बड़ा झटका : आयकर विभाग के नए कदम को लोकसभा चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जो पहले ही धन की कमी का सामना कर रही है। माकन ने कहा कि कल हमें आयकर विभाग से 1823.08 करोड़ रुपए का भुगतान करने के लिए नए नोटिस मिले हैं। पहले ही आयकर विभाग ने हमारे बैंक खाते से जबरन 135 करोड़ रुपए निकाल लिए हैं। उनके मुताबिक इन 1823 करोड़ रुपए में से 53.9 करोड़ रुपए की मांग वित्त वर्ष 1993-94 के कर आकलन के आधार पर की गई है, जब सीताराम केसरी कांग्रेस के अध्यक्ष थे।

 
कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु किया जा रहा : माकन की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार आयकर विभाग ने वर्ष 2016-17 के लिए 181.99 करोड़ रुपए, 2017-18 के लिए 178.73 करोड़ रुपए, 2018-19 के लिए 918.45 करोड़ रुपए तथा 2019-20 के लिए 490.01 करोड़ रुपए के नोटिस दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु किया जा रहा है।
 
माकन ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले समान अवसर की स्थिति को खत्म करने के लिए यह सब किया जा रहा है तथा लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है तथा आयकर विभाग के जिन नियमों की आड़ में कांग्रेस को परेशान किया जा रहा है, उन्हीं नियमों को लेकर भाजपा को छूट दी जा रही है। कांग्रेस का 14 लाख रुपए का वायलेशन बताकर भाजपा के आयकर विभाग ने कांग्रेस के 135 करोड़ रुपए ले लिए। लेकिन भाजपा को 42 करोड़ रुपए का चंदा देने वालों का न कोई नाम है, न कोई पता है, उस पर कोई कार्रवाई नहीं की।

 
भाजपा से 4617 करोड़ रुपए वसूलें : माकन का कहना था कि आयकर विभाग ने भाजपा के 42 करोड़ रुपए से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर तो आंख पर पट्टी बांध ली, लेकिन कांग्रेस के 14 लाख रुपए, जो कि हमारे 23 नेताओं ने दिए हैं जिनके नाम और पते भी हैं, उसके आधार पर हमारे 135 करोड़ रुपए छीन लिए। उन्होंने कहा कि भाजपा से 4617 करोड़ रुपए वसूले जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में अदालत में जनहित याचिका दायर करने के बारे में भी विचार कर रहे हैं।
 
रमेश ने दावा किया कि पूरे देश को पता चल गया है कि चुनावी बॉण्ड घोटाले से भाजपा ने करीब 8,250 करोड़ रुपए चंदा इकट्ठा किया है। भाजपा सरकार अलग-अलग तरीके से लगातार विपक्षी पार्टी को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हम डरने वाले नहीं हैं। अपना चुनाव अभियान जारी रखेंगे। जो लोग डराने की कोशिश कर रहे हैं वो खुद डरे हुए हैं।
 
कांग्रेस कर रही है धन की कमी का सामना : आयकर अधिकारियों द्वारा 210 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाने और उसके बैंक खातों को फ्रीज करने के कारण कांग्रेस पहले से ही धन की कमी का सामना कर रही है। पार्टी को मामले में उच्च न्यायालय से कोई राहत नहीं मिली है और वह जल्द ही उच्चतम न्यायालय का रुख करेगी। पार्टी ने भाजपा पर 19 अप्रैल से शुरू होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले उसे आर्थिक रूप से पंगु बनाने और उसके खिलाफ कर अधिकारियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
भारतीय राजनीति के 10 बाहुबली जिन्होंने मचाई सियासत में खलबली!