गुरुवार, 10 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Sakshi Maharaj on 2024 loksabha election
Written By
Last Updated :उन्नाव , शनिवार, 16 मार्च 2019 (15:09 IST)

भाजपा सांसद साक्षी महाराज के बिगड़े बोल, लगता है 2024 में चुनाव नहीं होंगे

Sakshi Maharaj
उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने लोकसभा चुनाव के पहले एक विवादास्पद बयान में कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद देश में चुनाव की जरूरत नहीं होगी, इसके लिए मैं मोदी की सुनामी को धन्यवाद देता हूं।
 
अपने बयानों को लेकर अकसर चर्चा में रहने वाले साक्षी महाराज ने शुक्रवार को भाजपा के एक कार्यक्रम में कहा, '2024 में देश में चुनाव ही नहीं होगा। 2014 में तो मोदी लहर थी लेकिन 2019 में मोदी नाम की सुनामी आई हुई है।'
 
उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक सकती। इससे कुछ लोग बौखला गए हैं, कभी (ये लोग) प्रियंका गांधी को राजनीति में ले आते हैं तो कभी गठबंधन हो जाता है।
 
साक्षी महाराज ने कहा कि हमारे नेता नरेन्द्र मोदी सारे विश्व के लोकप्रिय नेता हैं और अब देश भर में चर्चा हो रही है कि 'मोदी हैं तो देश है'। 
 
उन्होंने कहा, 'पहली बार देश में जागृति आई है। हिन्दू जाग गया है। लोग जाग गए हैं। मैं संन्यासी हूं। मुझे लगता है कि इस चुनाव के बाद 2024 में चुनाव नहीं होगा। केवल यही चुनाव है जो देश के नाम पर लड़ा जा रहा है।'
 
उल्लेखनीय है कि इस तरह की खबरें आ रही है कि इस चुनाव में भाजपा उन्नाव से साक्षी महाराज का टिकट काट सकती है। इस पर उन्होंने पार्टी को ही चेतावनी देते हुए कहा कि  अगर उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो परिणाम अच्छे नहीं आएंगे। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि टिकट नहीं मिलने पर भी वह पार्टी के लिए प्रचार करना जारी रखेंगे। 
ये भी पढ़ें
5 राज्यों में हैं सबसे ज्यादा युवा मतदाता, लक्षद्वीप में सबसे कम