• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Aam Aadmi Party Chief Minister Arvind Kejriwal
Written By
Last Updated : शनिवार, 23 मार्च 2019 (19:35 IST)

रैली की अनुमति नहीं मिलने पर बिफरी आप, कहा मोदी के इशारे पर पुलिस ने नहीं दी जनसभा की अनुमति

रैली की अनुमति नहीं मिलने पर बिफरी आप, कहा मोदी के इशारे पर पुलिस ने नहीं दी जनसभा की अनुमति - Aam Aadmi Party Chief Minister Arvind Kejriwal
आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शकूरबस्ती में जनसभा करने की इजाजत नहीं दिए जाने पर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि इन्हीं के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी।
 
केजरीवाल दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों के लिए 12 मई को होने वाले चुनाव के सिलसिले में शनिवार को शकूरबस्ती क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने वाले थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसे आयोजित करने की स्वीकृति नहीं दी।
 
आप नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जनसभा की अनुमति नहीं मिलने पर संवाददाता सम्मेलन में कहा दिल्ली पुलिस से इस जनसभा की सभी औपचारिकताओं की अनुमति के लिए पहले ही बात कर ली गई थी, लेकिन ऐन मौके में इजाजत देने से मना कर दिया।
 
सिंह ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की हालत खस्ता है और वह चुनाव परिणाम से पहले ही हार मान चुकी है। दिल्ली पुलिस ऐसे ही करती रही तो उसकी देखरेख में दिल्ली में निष्पक्ष चुनाव नहीं कराए जा सकते।
 
उधर केजरीवाल ने भी ट्वीट कर जनसभा की इजाजत नहीं मिले पर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली पुलिस के जरिये मेरी जनसभा रद्द करवा दी। पुलिस ने अनुमति नहीं दी। भाजपा की कितनी रैलियों को पिछले पांच साल में दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इन्कार किया है।
 
उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा वालों, मान लो कि दिल्ली की सातों सीटें हार रहे हो। मोदी जी पूर्ण राज्य का वादा करके मुकर गए। अब जनता बताएगी।
 
सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की रैली को इजाजत नहीं दी गई जबकि उसी स्थान पर आने वाले दिनों में भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन सिंह की रैली होनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा और श्री मोदी इतने भयभीत हैं तो चुनाव क्यों करवा रहे हैं?
 
आप सासंद ने कहा कि वे इस मामले को चुनाव आयोग के समक्ष भी उठाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा चुनाव आयोग से अनुरोध है कि दिल्ली पुलिस के उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जिन्होंने भाजपा के दबाव में जनसभा की इजाजत नहीं दी है।
 
इस बीच दिल्ली पुलिस की तरफ से कहा गया है कि शकूरबस्ती में जहां केजरीवाल की पार्टी जनसभा करना चाहती थी। वह बहुत भीड़भाड़ वाला इलाका है, इसलिए जनसभा को मंजूरी नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें
लोकसभा चुनाव 2019 : भाजपा ने जारी की छठी लिस्ट, उमा भारती को बनाया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष