टीम में सचिन का होना अच्छा-धोनी
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सचिन तेंडुलकर की कप्तानी के बारे में कुछ अधिक कहने को टालते हुए कहा कि उनके जैसे ‘जीनियस’ का टीम में होना अच्छा है।धोनी से बीसीसीआई के पूर्व सचिव जेवाई लेले की किताब पर प्रतिक्रिया देने को कहा गया था जिसमें उन्होंने लिखा है तेंडुलकर खुद को सफल कप्तान साबित नहीं कर पाए क्योंकि वह कई लोगों की सलाह पर विचार करते थे।प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद पर नवाजे जाने के लिए सेना के एक समारोह में धोनी ने कहा, ‘‘मैं उनकी (सचिन की) कप्तानी में नहीं खेला। उनका टीम में होना हमेशा अच्छा होता है, वह जीनियस हैं और अपने नए विचारों के साथ आते हैं। मैदान पर उनका होना अच्छा है, क्योंकि वह विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं।’’ आगामी वेस्टइंडीज सिरीज के बारे में पूछने पर धोनी ने कहा, ‘‘हमारे सभी बल्लेबाज और अच्छे गेंदबाज उपलब्ध रहेंगे, इसलिए सिरीज में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।’’ (भाषा)