गुरुवार, 10 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
  6. ''कैप्टन'' धोनी बने लेफ्टिनेंट कर्नल
Written By WD

'कैप्टन' धोनी बने लेफ्टिनेंट कर्नल

लेफ्टिनेंट कर्नल महेन्द्र सिंह धोनी
PIB
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी अब लेफ्टिनेंट कर्नल एम.एस. धोनी के नाम से भी जाने जाएंगे। सेना ने यहां एक समारोह में धोनी के अलावा ओलिम्पिक खेलों में निशानेबाजी का पहला स्वर्ण पदक दिलवाने वाले अभिनव बिन्द्रा को भी लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक देकर सम्मानित किया गया है। ये दोनों सितारे फौजी ड्रेस में थे और इस मौके पर धोनी की पत्नी साक्षी भी मौजूद थी।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को भी टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक दी गई थी। यही नहीं, भारतीय वायुसेना ने सचिन तेंडुलकर को ग्रुप कैप्टन की रैंक देकर नवाजा था। इस तरह तीन भारतीय क्रिकेटर सेना सम्मानित कर चुकी है।

लेफ्टिनेंट कर्नल धोनी ने सम्मान पाने के बाद कहा कि आज मेरा सपना पूरा हो गया। भारतीय सेना का हिस्सा बनने पर जो मैं गर्व महसूस कर रहा हूं, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। मैं चाहूंगा कि देश के युवा सेना का हिस्सा बनें।

उल्लेखनीय है कि धोनी मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं और यहां से तकरीबन हर घर से परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना की सेवा में रह चुका है।

विंग कमांडर बक्षी ने बताया कि धोनी को सेना द्वारा सम्मानित किए जाने का निर्णय सराहनीय है। यह एक देश के खिलाड़ी की हौसला अफजाई है। धोनी के सेना के ब्रांड एंबेसेडर बनने से युवा और छात्र जगत इससे काफी प्रेरणा लेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि टेरिटोरियल आर्मी में धोनी पैराशूट रेजिमेंट के कमांडर होंगे। धोनी ने ही इस रेजिमेंट का प्रस्ताव दिया था, जिसे सेना ने स्वीकार कर लिया। यही कारण है कि धोनी ने सेना के इस जलसे में धोनी ने मेहरून रंग की कैप पहनी थी।

आज अभिनव बिंद्रा ने हरे रंग की कैप पहनी और कपिल देव ने भी तब हरे रंग की ही कैप पहनी थी, जब उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक प्रदान की गई थी। (वेबदुनिया न्यूज)