1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. IPL 2025 mega auction to be held on November 24, 25 in Jeddah

IPL Mega Auction की तारीखों का ऐलान, 1574 क्रिकेटरों ने किया रजिस्टर

नीलामी में ऋषभ पंत, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर और अर्शदीप सिंह जैसे कुछ बड़े भारतीय सितारे भी शामिल होंगे

IPL Mega Auction 2025 dates and city hindi news
IPL Mega Auction : इंडियन प्रीमियर लीग 2025 से पहले खिलाड़ियों की बड़ी नीलामी 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा (Jeddah, Saudi Arabia) में होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को घोषणा की।
 
यह लगातार दूसरा साल है जब नीलामी विदेश में हो रही है। आईपीएल 2024 से पहले पिछली नीलामी दुबई में हुई थी।
खिलाड़ियों का पंजीकरण आधिकारिक तौर पर सोमवार को बंद हो गया और कुल 1,574 क्रिकेटरों (1,165 भारतीय और 409 विदेशी) ने नीलामी के लिए पंजीकरण किया है। नीलामी 22 नवंबर से पर्थ में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू हो रहे पहले टेस्ट के तीसरे और चौथे दिन के खेल से टकराएगी।
 
प्रत्येक फ्रेंचाइजी अधिकतम 25 खिलाड़ियों (संबंधित रिटेन खिलाड़ियों सहित) की टीम बना सकेगी और नीलामी से कुल 204 खिलाड़ी खरीदे जा सकेंगे।

इस सूची में 320 कैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच खेला हो) खिलाड़ी जबकि 1,224 अनकैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के 30 खिलाड़ी शामिल हैं।
 
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में 48 भारत के हैं। इसके अलावा देश के 965 अनकैप्ड खिलाड़ी भी नीलामी का हिस्सा होंगे।
 
इस साल की नीलामी में ऋषभ पंत, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर और अर्शदीप सिंह जैसे कुछ बड़े भारतीय सितारे भी शामिल होंगे।
 
नीलामी के दौरान 10 फ्रेंचाइजी के पास 204 खिलाड़ियों पर खर्च करने के लिए सामूहिक रूप से लगभग 641.5 करोड़ रूपए होंगे। इन 204 स्थानों में से 70 विदेशी खिलाड़ियों के लिए निर्धारित हैं।
 
अब तक 10 फ्रेंचाइजी ने 558.5 करोड़ रूपए के सामूहिक खर्चे के साथ 46 खिलाड़ियों को रिटेन किया है।
 
प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अपनी टीम बनाने के लिए 120 करोड़ रूपए आवंटित किए गए थे लेकिन 31 अक्टूबर को रिटेंशन (खिलाड़ियों को अपने साथ बरकरार रखा) प्रक्रिया खत्म होने के बाद पंजाब किंग्स के पास सबसे अधिक 110.5 करोड़ रूपए हैं।
 
पंजाब की टीम ने सिर्फ दो अनकैप्ड खिलाड़ियों शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह को कुल 9.5 करोड़ रूपए में रिटेन किया है।
 
संजू सैमसन की अगुआई वाली राजस्थान रॉयल्स के पास छह खिलाड़ियों को रिटेन करने के बाद सबसे कम 41 करोड़ रुपये की राशि है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी छह खिलाड़ियों को रिटेन किया है लेकिन उनके पास 51 करोड़ रूपए की राशि बची है।   (भाषा)
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा के बेटे का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में औसत है 99 का