1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Australia loses 3 wickets against England in fourth test

एशेज चौथे टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने खोए 3 विकेट, बारिश ने डाली खलल

ऑस्ट्रेलिया
सिडनी:ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ वर्षाबाधित चौथे एशेज टेस्ट के पहले दिन बुधवार को तीन विकेट खोकर 126 रन बना लिये।

बारिश के कारण पहले दो सत्र में सिर्फ 21 ओवर फेंके जा सके जबकि आखिरी सत्र में रन तेजी से बने और दो विकेट भी गिरे।पहले दिन का खेल समाप्त होने पर स्टीव स्मिथ छह और उस्मान ख्वाजा चार रन बनाकर खेल रहे थे।

बारिश के कारण खेल 30 मिनट विलंब से शुरू हुआ। आस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। आगे और बारिश के कारण पहले सत्र में 12 . 3 ओवर ही फेंके जा सके।

हैरिस और डेविड वॉर्नर ने पहले विकेट के लिये 50 रन जोड़े। खराब फॉर्म के कारण तीसरे टेस्ट से बाहर रहे स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने चयन को सार्थक करते हुए इंग्लैंड को 21वें ओवर में सफलता दिलाई और वॉर्नर को दूसरी स्लिप में जाक क्रॉले के हाथों लपकवाया ।

वॉर्नर ने 72 गेंद में छह चौकों की मदद से 30 रन बनाये। ब्रॉड ने पिछले सात एशेज टेस्ट में आठवीं बार वॉर्नर का विकेट लिया है।

लाबुशेन के क्रीज पर आने के बाद 22वें ओवर की चार गेंदें फेंके जाने के बाद ही बारिश फिर शुरू हो गई । दूसरे सत्र में नौ ओवर का ही खेल हो सका।

चाय के बाद खेल बहाल होने पर हैरिस और लाबुशेन ने रनगति को बढाया। हैरिस ने 38 रन बनाये लेकिन वॉर्नर की तरह ही अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। जिम्मी एंडरसन की गेंद पर उन्होंने पहली स्लिप में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को कैच थमाया।

इसके बाद मार्क वुड ने लाबुशेन को विकेट के पीछे जोस बटलर के हाथों लपकवाया।आस्ट्रेलिया इस श्रृंखला में पहले ही 3 . 0 की अजेय बढत बना चुका है। दोनों टीमों में इस मैच के लिये एक बदलाव किया गया है। आस्ट्रेलियाई टीम में कोरोना संक्रमित ट्रेविस हेड की जगह उस्मान ख्वाजा ने ली जबकि इंग्लैंड टीम में चोटिल ओली रॉबिनसन की जगह स्टुअर्ट ब्रॉड आये हैं।(एपी)
अगला लेख
13 जनवरी से खेली जानी थी रणजी ट्रॉफी, कोरोना के कारण हुई स्थगित