Flight Fare Rises : हवाई सफर पर महंगाई की मार, Air India और Air India Express ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया, जानिए कबसे होगा लागू
हवाई यात्रा करने वालों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइंस, एयर इंडिया (Air India) और एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) ने अपने टिकटों के दामों में बढ़ोतरी का फैसला किया है।
ईरान-इजराइल जंग और होर्मुज रूट पर बाधा आने के बाद से कच्चे तेल की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे जेट फ्यूल के दाम तेजी से बढ़े हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक जेट फ्यूल एयरलाइंस के कुल ऑपरेटिंग खर्च का 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा होता है। खर्च बढ़ने पर एयरलाइंस के पास किराया बढ़ाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता।
प्रमुख बिंदु:
कब से लागू : नया नियम 12 मार्च से प्रभावी होगा। अतिरिक्त चार्ज : प्रत्येक घरेलू उड़ान (Domestic Flight) के टिकट पर 399 रुपये का ईंधन अधिभार (Fuel Surcharge) देना होगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानें : केवल घरेलू ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए भी फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी की जाएगी।
कई चरणों में लागू होगा अधिभार
प्रथम चरण: घरेलू उड़ानें और सार्क (SAARC) देशों — जिनमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं — के रूट पर प्रति टिकट 399 रुपये की वृद्धि देखी जाएगी।
द्वितीय चरण: कई अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर ईंधन अधिभार बढ़ाया जाएगा, जिसमें पश्चिम एशिया ($10), दक्षिण-पूर्व एशिया ($20) और अफ्रीका ($30) शामिल हैं।
तृतीय चरण: अधिभार को बाद में सुदूर पूर्व (Far East) के गंतव्यों जैसे हांगकांग, जापान और दक्षिण कोरिया तक विस्तारित किया जाएगा, जिसकी जानकारी बाद में घोषित की जाएगी।
क्यों महंगे हुए टिकट?
इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण पश्चिम एशियामें जारी तनाव और संघर्ष है। यदि आप आने वाले दिनों में यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो 12 मार्च से पहले बुकिंग करना थोड़ा सस्ता पड़ सकता है। इस भू-राजनीतिक अस्थिरता की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे विमान ईंधन यानी ATF (Aviation Turbine Fuel) की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। इसी लागत की भरपाई के लिए एयरलाइंस ने यह कदम उठाया है। Edited by : Sudhir Sharma