रमजान माह में बढ़ेगा हज का कोटा
पूरी हो सकती है हज यात्रा की तमन्ना
ND
इस साल हज की तमन्ना रखने वाले जिन लोगों को मौका नहीं मिला है, उनके लिए खुश खबर है कि रमजान में हज कोटा बढ़ाया जा सकता है। साथ ही हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से मुख्यमंत्रियों को भी विशेष कोटा प्रदान किया जा सकता है। लेकिन कुछ हज यात्रियों को मक्का स्थित खाना-ए-काबा से 5-7 किलो मीटर दूर ठहरना पड़ सकता है।
हालांकि ज्यादातर हज यात्री ग्रीन केटेगरी में यानी हरम शरीफ से मात्र 0 से 1200 मीटर की दूरी पर रहेंगे। हज कमेटी के माध्यम से जाने वाले 60 हजार भारतीय हज यात्रियों में से 52 हजार को ग्रीन या प्रथम केटेगरी में स्थान मिल पाएगा। बाकी आठ हजार लोगों को मक्का के मुहल्ले 'अजीजिया' में जाना पड़ेगा। यह काबा-शरीफ से 5-7 किलोमीटर दूरी के इलाके में फैला है।
हज कमेटी सदस्य व मप्र सहित छ: प्रदेशों के प्रभारी सलीम राज ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मक्का मुकर्रमा में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। इसलिए सभी लोगों को काबे-शरीफ के नजदीक रिहाइश मिलना मुश्किल है। अलबत्ता यह कोशिश जरूर की जा रही है कि बुजुर्गों को काबा-शरीफ के बिलकुल करीब ठहराया जाए।
वे यह भी कहते हैं कि इस रमजान में तोहफे के तौर पर सऊदी सरकार हमारे हज कोटे में इजाफे का ऐलान कर सकती है। साथ ही हज कमेटी द्वारा मुख्यमंत्रियों को विशेष कोटा दिया जा सकता है, अगर वे इसके लिए अनुरोध करें तो।

