बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Terrorist attack on police chief's office in Karachi city of Pakistan
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 17 फ़रवरी 2023 (23:48 IST)

कराची में पुलिस मुख्‍यालय पर हमला, 5 आतंकियों समेत 7 मरे, 60 से ज्‍यादा जवान जख्‍मी

कराची में पुलिस मुख्‍यालय पर हमला, 5 आतंकियों समेत 7 मरे, 60 से ज्‍यादा जवान जख्‍मी - Terrorist attack on police chief's office in Karachi city of Pakistan
कराची। पाकिस्तान से सबसे घनी आबादी वाले शहर कराची में शुक्रवार को अज्ञात हथियारबंद आतंकवादियों ने पुलिस प्रमुख कार्यालय पर हमला कर दिया, जिसके बाद अर्धसैनिक बलों और हमलावरों के बीच भीषण गोलीबारी शुरू हो गई। गोलीबारी में 5 आतंकवादी और 2 अन्य लोग मारे गए। देशभर में आतंकी हमलों में वृद्धि के बीच सुरक्षाबलों पर हुआ यह ताजा हमला है।

कराची पुलिस के एक प्रवक्ता ने एक बयान में पुष्टि की कि कराची पुलिस प्रमुख के मुख्यालय पर हमला हुआ है।बयान में कहा गया है, गोलीबारी जारी है। कराची के पुलिस प्रमुख जावेद ओदहो ने भी एक ट्वीट कर पुष्टि की कि उनके कार्यालय पर हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

सूत्रों के अनुसार हमले में शामिल आतंकवादियों की संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। आतंकवादियों ने पहले कराची पुलिस प्रमुख कार्यालय की इमारत के मुख्य परिसर में आधे दर्जन हथगोले फेंके और फिर परिसर में घुस गए।

पुलिस के एक सूत्र ने बताया, अर्धसैनिक बलों, पुलिस और हमलावरों के बीच भीषण गोलीबारी जारी है। हमलावरों को घेरने के लिए जिले और इलाके की सभी मोबाइल वैन को तत्काल घटनास्थल पर बुलाया गया। कराची पुलिस प्रमुख का कार्यालय शहर की मुख्य सड़क के पास स्थित है, जो हवाई अड्डे तक जाती है।

अभी किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पाकिस्तान में नवंबर के बाद से आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है, जब पाकिस्तान तालिबान ने सरकार के साथ एक महीने का संघर्ष विराम समाप्त कर दिया था।

पिछले महीने तालिबान के एक आत्मघाती हमलावर ने उत्तर-पश्चिमी पेशावर शहर में उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में नमाजियों से खचाखच भरी मस्जिद में खुद को बम से उड़ा लिया था, जिसमें 100 से अधिक लोग मारे गए थे। मरने वालों में ज्यादातर पुलिसकर्मी थे।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
वैश्विक निवेशकों को भारत दे रहा रिटर्न की गारंटी : मोदी