आतंकियों ने चार पोलियों कार्यकर्ताओं को मार डाला
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत दक्षिण-पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में बुधवार को आतंकवादियों के एक हमले में तीन महिलाओं सहित कम से कम चार पोलियो कार्यकर्ता मारे गए।
कार्यकर्ताओं की हत्या क्वेटा शहर के पूर्वी बाईपास इलाके के नजदीक उस समय की गई जब वे एक स्वास्थ्य केन्द्र से अपने घर की ओर जा रहे थे। जियो टीवी ने खबर दी है कि जिस समय उन पर हमला किया गया उस समय उनके पास कोई सुरक्षा नहीं थी।
खबर ने बताया गया है कि तीन महिला और एक पुरुष इस हमले में मारे गए, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने इस हमले की पुष्टि की है। इस महीने के शुरू में बलूचिस्तान के 11 जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पोलियो टीकाकरण का अभियान शुरू किया गया था।
बलूचिस्तान के गृह सचिव अकबर दुर्रानी ने प्रांत में पोलियो अभियान रोक दिया था। अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। विश्व के लिए खतरा बन गए पोलियो वायरस का उन्मूलन नहीं कर पाने के लिए पाकिस्तान सरकार को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा है। (भाषा)