dharma sangrah
Wed, 25 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Strong earthquake hits northern Japan

भूकंप के तेज झटकेे के बाद जापान में सुनामी

earthquake
टोक्यो। जापान में फुकुशिमा के पास मंगलवार तड़के 7.3 तीव्रता वाले भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए। भूकंप के बाद फुकुशिमा परमाणु संयंत्र के पास तट पर सुनामी की एक मीटर उंची लहर भी उठी। हालांकि सरकार द्वारा जारी की गई सुनामी की चेतावनी बाद में वापस ले ली गई।   
 
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा है कि भूकंप स्थानीय समय अनुसार मंगलवार सुबह छह बजे आया।  भूकंप का केंद्र फुकुशिमा से सत्तर किलोमीटर दूर ज़मीन से 10 किलोमीटर नीचे स्थित था। भूकंप से फिलहाल किसी नुकसान या जान-माल की क्षति की कोई खबर नहीं है लेकिन भूकंप इतना शक्तिशाली था कि राजधानी टोक्यो तक इसके झटके महसूस किए गए। 
 
स्थानीय मीडिया के मुताबिक सरकार ने लोगों से तटीय इलाकों को खाली करके सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की है। सरकार ने सूनामी की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि समुद्र में 10 फीट तक की लहरें ऊठ सकती है। ओनाहामा तट पर पहुंचने वाली लहरें सिर्फ 60 सेंटी मीटर (दो फ़ीट) ऊंची बताई जा रही हैं।जापान की मौसम एजेंसी ने वेबसाइट पर आज दोपहर जारी किए गए वक्तव्य में कहा है, 'सुनामी की चेतावनी वापस ली जाती है।'
 
सरकार ने 2011 की भयंकर सूनामी से सबक लेते हुए अपने सभी परमाणु संयंत्र बंद कर दिए। इसके अलावा राजधानी टोक्यो में बिजली आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई।

सरकार की प्रवक्ता ने बताया कि 2011 में आए विनाशकारी भूकंप के बाद आई सुनामी लहरों के कारण फुकुशिमा में परमाणु संयंत्र को भारी नुकसान हुआ था।
 
जापान में कैबिनेट के मुख्य सचिव योशिहिदे सुगा ने कहा कि फुकुशिमा परमाणु संयंत्र के तीसरे रिएक्टर के कुलिंग सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया है। 
 
हालांकि अभी तक तापमान बढ़ने के संकेत नहीं है, ना ही दूसरे परमाणु संयंत्र में कोई अनियमितता दिखी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्थिति का जायज़ा लेने के लिए कार्य बल का गठन किया है।
 
स्थानीय मीडिया ने बताया कि फुकुशिमा परमाणु संयंत्र की संचालक टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर संयंत्र में नुकसान की जांच कर रही है। कुमामोटो प्रांत में इस वर्ष अप्रैल में आए भूकंप में 50 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 2011 में फ़ुकुशिमा में भूकंप के बाद विनाश में 18 हज़ार से ज़्यादा लोगों की या तो मौत हो गई थी या फिर वे लापता हैं।