लॉस एंजिल्स के एक और जंगल में भड़की आग, 8 हजार एकड़ तक फैली, 31 हजार लोगों ने घर छोड़ा
Los Angeles fire : लॉस एंजिल्स के पास एक नई जंगल की आग भड़क उठी है। देखते ही देखते कुछ ही घंटों में इसने 8 हजार एकड़ इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। प्रशासन ने 31 हजार लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाओं के चलते आग के और तेजी से फैलने की संभावना है। आग भड़कने की आशंका को देखते हुए कास्टेइक झील के आस-पास के 31000 लोगों को निकालने का आदेश दिया गया।
लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग के रॉबर्ट जेन्सन ने लोगों से अपील की है कि यदि आपको निकासी आदेश जारी किया गया है, तो कृपया बाहर निकल जाएं। कॉस्टिक में मौजूद एक जेल को भी खाली कराया जा रहा है। लगभग 500 कैदियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है।
गौरतलब है कि लॉस एंजिल्स में आग से अब तक 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पैलिसेड्स और ईटन में लगी आग ने शहर में भयंकर तबाही मचाई थी। कई हॉलीवुड सितारों के घर इसमें जलकर राख हो गए थे। आग की वजह से करीब 2 लाख लोगों को अपना घर छोड़कर जाना पड़ा था।
edited by : Nrapendra Gupta