• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Khalistan supporter Avtar Singh dies in UK hospital
Written By
Last Modified: गुरुवार, 15 जून 2023 (23:45 IST)

खालिस्तान समर्थक अवतार सिंह की ब्रिटेन के अस्पताल में मौत

avtar singh
Avtar Singh dies in UK hospital : लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले में शामिल रहा खालिस्तान समर्थक कार्यकर्ता अवतार सिंह पूर्बा उर्फ खांडा की बृहस्पतिवार सुबह बर्मिंघम स्थित एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद मृत्यु हो गई। ब्रिटेन के एक सिख संगठन ने यह जानकारी दी।
 
ब्रिटेन में खुद को सबसे बड़े सिख संगठनों में शामिल बताने वाले ‘सिख फेडरेशन यूके’ ने एक बयान में कहा है कि अवतार सिंह रक्त कैंसर से पीड़ित था और पिछले कुछ दिन से जीवन रक्षक प्रणाली पर था।
 
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक सुमेध सिंह सैनी और वरिष्ठ अधिवक्ता राजविंदर सिंह बैंस की हत्या की साजिश रचने के मामले में वांछित अवतार सिंह प्रतिबंधित संगठन ‘खालिस्तान लिबरेशन फोर्स’ (केएलएफ) के ब्रिटेन और अन्य देशों में सक्रिय सदस्यों के साथ मिलकर ब्रिटेन में आतंकवादी गतिविधियों में कथित रूप से शामिल था।
 
अवतार सिंह शुरू में अध्ययन वीजा पर वर्ष 2007 में ब्रिटेन गया था, लेकिन उसने 2012 में वहां शरण ले ली और तब से कभी वापस नहीं आया।
 
आरोप हैं कि कुछ महीने पहले लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग पर लगे तिरंगे पर हमला करने समेत भारत-विरोधी अन्य गतिविधियों से उसके तार जुड़े थे। हालांकि, उसने इन आरोपों का खंडन किया था। उसका परिवार अब भी मोगा जिले के पुराना में रहता है।
 
सिख फेडरेशन यूके के राष्ट्रीय प्रेस सचिव जसपाल सिंह ने एक बयान में कहा कि बड़े दुख के साथ हम यह स्तब्ध कर देने वाली खबर साझा कर रहे हैं कि युवा कार्यकर्ता भाई अवतार सिंह खांडा (35) की आज सुबह बर्मिंघम के एक अस्पताल में मौत हो गई। 
 
वह भारतीय जेल में बंद अमृतपाल सिंह के प्रशिक्षकों में से एक था। उसने अमृतपाल को करीब एक महीने तक पुलिस से बचने में मदद की थी। अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद अवतार ने ‘वारिस पंजाब दे’ के मामलों के संचालन के लिए विदेशों में स्थित खालिस्तानी तत्वों की एक समिति बनाई थी।
 
अवतार सिंह ‘खालिस्तान लिबरेशन फोर्स’ (केएलएफ) के मारे जा चुके आतंकवादी कुलवंत सिंह खुखराना का बेटा था। खुखराना को एक मुठभेड़ में मारा गया था। (भाषा)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
ये भी पढ़ें
देवबंद का फरमान, दारूल उलूम के छात्र बाहर नहीं कर सकेंगे कोचिंग