1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. indian international staff died in israel hamas war

Israel-Hamas war: राफा में संयुक्त राष्ट्र के पहले इंटरनेशनल स्टाफ की मौत, भारत से है कनेक्शन

Israel Hamas war
File photo
हमास-इजरायल जंग के दौरान एक भारतीय शख्स की मौत की खबर है। बताया जा रहा है कि यह शख्स संयुक्त राष्ट्र के साथ काम कर रहा था। संयुक्त राष्ट्र के साथ काम करने वाले भारतीय कर्मी की गाजा के राफा में उस समय मौत हो गई, जब वह यात्रा कर रहा था, तभी उसकी गाड़ी पर राफा में हमला हुआ।

यह इजरायल-हमास संघर्ष में पहली बार है, जब संयुक्त राष्ट्र के किसी विदेशी स्टाफ की जान गई है। मृतक भारतीय संयुक्त राष्ट्र सेफ्टी एंड सिक्योरिटी विभाग (डीएसएस) का स्टाफ सदस्य था। हालांकि पीड़ित की पहचान अभी तक सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि मृतक भारत का रहने वाला है और वह भारतीय सेना का पूर्व जवान था। इजरायल-हमास के बीच जंग की शुरुआत 7 अक्टूबर को तब हुई थी, जब हमास ने इजरायल पर हमला कर दिया था। इजरायल-हमास संघर्ष की शुरुआत के बाद से राफा में संयुक्त राष्ट्र के लिए पहली इंटरनेशनल कैजुएलिटी है। इस घटना में एक अन्य डीएसएस कर्मचारी घायल हो गया।

इस बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने संयुक्त राष्ट्र सेफ्टी और सुरक्षा विभाग (डीएसएस) के एक कर्मचारी की मौत और एक अन्य डीएसएस कर्मचारी के घायल होने की खबर पर गहरा शोक जताया। महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के उप प्रवक्ता फरहान हक द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि गुटेरेस ने संयुक्त राष्ट्र कर्मियों पर सभी हमलों की निंदा की और पूरी जांच की मांग की। गुटेरेस ने मृत स्टाफ सदस्य के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

बयान में कहा गया कि गाजा में संघर्ष का भारी असर न केवल नागरिकों पर बल्कि मानवीय कार्यकर्ताओं पर भी जारी है। महासचिव ने तत्काल मानवीय युद्धविराम और सभी बंधकों की रिहाई के लिए अपनी तत्काल अपील दोहराई है। एक्स पर एक पोस्ट में गुटेरेस ने कहा कि गाजा में संयुक्त राष्ट्र के वाहन पर हमला किया गया और हमारे एक सहयोगी की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। उन्होंने कहा कि गाजा में 190 से ज्यादा संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी मारे गए हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘मानवतावादी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा की जानी चाहिए। मैं संयुक्त राष्ट्र कर्मियों पर सभी हमलों की निंदा करता हूं और तत्काल मानवीय युद्धविराम और सभी बंधकों की रिहाई के लिए अपनी तत्काल अपील दोहराता हूं’
Edited by navin rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
मुंबई में दैत्य बनकर गिरा 250 टन का अवैध होर्डिंग, 14 मौतें, 70 घायल