बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Britains Queen Elizabeth passes away at the age of 96 years at Balmoral castle, Scotland
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 9 सितम्बर 2022 (00:31 IST)

Britains Queen Elizabeth II Passes Away: ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ-2 का 96 साल की उम्र में निधन , प्रिंस चार्ल्स राजा घोषित

Britains Queen Elizabeth II Passes Away: ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ-2 का 96 साल की उम्र में निधन , प्रिंस चार्ल्स राजा घोषित - Britains Queen Elizabeth passes away at the age of 96 years at Balmoral castle, Scotland
Britain Queen Elizabeth II died : ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ-2 का निधन हो गया। 96 साल की क्वीन एलिजाबेथ स्टॉकलैंड में थीं। महारानी पिछले कुछ समय से बीमार थीं। बकिंघम पैलेस ने एक बयान जारी कर कहा कि आज दोपहर बाल्मोरल में महारानी का निधन हो गया। महारानी ने 70 साल तक शासन किया। ब्रिटेन के नए महाराज प्रिंस चार्ल्स ने कहा कि उनकी मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन उनके और उनके परिवार के लिए ‘सबसे बड़े दु:ख’ का क्षण है।  प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने कहा कि महारानी के निधन से ब्रिटेन ‘शोक में डूब गया’ है। महारानी वह ‘चट्टान’ थीं, जिस पर आधुनिक ब्रिटेन का निर्माण हुआ था।
 
ब्रिटेन में सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का गुरुवार को स्कॉटलैंड के बालमोरल कैसल में निधन हो गया। गुरुवार को सुबह उनके स्वास्थ्य के बारे में चिंताएं बढ़ने के बाद उनका परिवार एबरडीनशायर में उनके स्कॉटिश इस्टेट में इकट्ठा होने लगा। पूर्व राजकुमार चार्ल्स अब ब्रिटेन के नए सम्राट होंगे।
 
बकिंघम पैलेस ने एक बयान में कहा कि महारानी का बाल्मोरल में निधन हो गया। बयान में कहा गया, ‘‘द किंग एंड द क्वीन कंसोर्ट (चार्ल्स एंड कैमिला) आज शाम बाल्मोरल में रहेंगे और कल (शुक्रवार) लंदन लौटेंगे। महारानी 1952 में गद्दी पर बैठी थीं और वे अभूतपूर्व सामाजिक परिवर्तन की गवाह रहीं।
 
उनके निधन के बाद उनके सबसे बड़े बेटे और उत्तराधिकारी चार्ल्स 14 राष्ट्रमंडल क्षेत्रों के प्रमुख के रूप में उनके अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। डॉक्टरों द्वारा महारानी को चिकित्सकीय देखरेख में रखने के बाद चार्ल्स और महारानी के करीबी परिवार के सदस्य एबरडीन के पास बालमोरल पहुंचे। 
 
महारानी की बेटी राजकुमारी ऐनी पहले से ही स्कॉटिश महल में उनके साथ थीं और उनके अन्य बच्चे - प्रिंस एंड्रयू और प्रिंस एडवर्ड - बाद में उनके साथ शामिल हुए। एक परमार्थ कार्यक्रम के लिए लंदन में मौजूद प्रिंस हैरी और मेगन (ड्यूक एंड डचेस ऑफ ससेक्स) भी महारानी के ग्रीष्मकालीन निवास पर पहुंचे।
 
विलियम की पत्नी केट (डचेस ऑफ कैम्ब्रिज) विंडसर में हैं क्योंकि उनके बच्चों - प्रिंस जॉर्ज, प्रिंसेस चार्लोट और प्रिंस लुइस का गुरुवार को वहां एक नए स्कूल में पहला दिन था। 96 वर्षीय सम्राट उम्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं और उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में स्कॉटलैंड में नई प्रधानमंत्री लिज ट्रस की नियुक्ति सहित अपनी यात्रा में कटौती की थी।
महारानी पिछले साल अक्टूबर से कई बार तबीयत खराब होने के बाद उबरी थीं, लेकिन इस कारण उनके चलने और खड़े होने में दिक्कतें आ गई थीं। फिर इसी साल फरवरी में उन्हें कोरोना हो गया था। इससे उबरने के बाद भी उनकी हालत ठीक नहीं हो पा रही थी। 

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 1952 में सिंहासन आसीन हुई थीं। वर्ष 2015 में वे ब्रिटेन की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली महारानी बनीं। उन्होंने महारानी विक्टोरिया के रिकॉर्ड को तोड़ा था, जिन्होंने 1837 और 1901 के बीच शासन किया था।

पीएम मोदी ने एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से बहुत आहत हुआ हूं। एलिजाबेथ द्वितीय को हमारे समय की एक दिग्गज शासक के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने अपने राष्ट्र और लोगों को प्रेरक नेतृत्व दिया। साथ ही सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता से लोगों को सीखना चाहिए। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और ब्रिटेन के लोगों के साथ हैं।
 
पीएम मोदी ने जताया दु:ख : पीएम मोदी ने ट्‍वीट में बताया कि "मैं 2015 और 2018 में यूके की यात्राओं के दौरान महारानी एलिजाबेथ द्वितीय से मिला था। मैं उनकी गर्मजोशी और दयालुता को कभी नहीं भूलूंगा। एक बैठक के दौरान उन्होंने मुझे एक रूमाल दिखाया था, जो महात्मा गांधी ने उनकी शादी में क्वीन को गिफ्ट किया था।