• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

26/11 के हमले में शामिल था ओसामा बिन लादेन!

ओसामा बिन लादेन
FILE
पिछले साल पाकिस्तान में दुर्दांत आतंकी ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद उसके घर से मिली जानकारियों से नित नए खुलासे हो रहे हैं। ऐसे ही इस तथ्य को उजागर करते हुए अमेरीकी जांच एजेंसियों ने दावा किया है कि मुंबई हमले में अल कायदा के सरगना ओसामा बिन लादेन का भी हाथ था। एजेंसियों के अनुसार ओसामा ने मुंबई हमले की ‘रेकी’ का वीडियो भी देखा था।

जांच एजेंसियों को मिले सबूत इस ओर भी इशारा करते हैं कि लादेन ने 2008 में मुंबई पर हुए आतंकी हमले में अहम भूमिका निभाई थी। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे जबकि 300 से अधिक जख्‍मी हो गए थे।

अमेरिकी अधिकारियों को ये सबूत उस वक्‍त मिले जब अमेरिकी सेना के विशेष कमांडो ने पाकिस्‍तान के एबटाबाद में बीते मई में लादेन को मार गिराया और वहां से कई दस्‍तावेज अपने साथ ले गए।

आंतकवाद मामलों के विशेषज्ञ और अमेरिकी राष्‍ट्रपति बराक ओबामा के पूर्व सलाहकार ब्रूस रीडल ने यह दावा किया है। उन्‍होंने कहा है, ‘एबटाबाद में मिले दस्‍तावेज लादेन और सईद के नजदीकी संबंधों की कहानी बयां करते हैं। ये दोनों मई 2011 तक एक दूसरे के संपर्क में थे।’

एक अखबार में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक छानबीन में इस बारे में पुख्‍ता सबूत मिले हैं कि हाफिज सईद 'कूरियर' के जरिये लादेन से संपर्क में था। इसी वजह से अमेरिका ने सईद के सिर पर 50 करोड़ का ईनाम घोषित किया था।

गौरतलब है कि लश्‍कर के संस्‍थापक सईद पर मुंबई हमलों की साजिश रचने का आरोप है। हाल ही में अमेरिका ने हाफिज सईद को पकड़वाने पर एक करोड़ डॉलर का ईनाम रखा है। (एजेंसियां)