• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

स्कूल में गोलीबारी, बंदूकधारी गिरफ्तार

सैन फ्रांसिस्को
FILE
अमेरिका के दक्षिणी कैलीफोर्निया में एक धार्मिक स्कूल में एक पूर्व छात्र द्वारा की गई गोलीबारी में सात लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में भारतीय मूल की एक छात्रा भी शामिल है।

मंगलवार को हुई इस घटना में देविंदर कौर (19) बाल-बाल बच गई। उसके सीधे हाथ में गोली लगी है और वह ऑकलैंड के एक अस्पताल में भर्ती है।

ऑकलैंड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान 43 वर्षीय गोह के रूप में हुई है, जो कोरियाई मूल का अमेरिकी है।

आइकस यूनिवर्सिटी में हुई इस घटना के ज्यादातर पीड़ित छात्र हैं। यह यूनिवर्सिटी दक्षिणी कैलीफोर्निया के ऑकलैंड में स्थित एक छोटा सा ईसाई धार्मिक संस्थान है जिसमें नर्सिंग की पढ़ाई होती है।

ऑकलैंड ट्रिब्यून के अनुसार कौर ने अपने परिवार को बताया कि कथित बंदूकधारी कई महीने से कक्षा से अनुपस्थित था। कल वह अचानक स्कूल आया और सभी छात्रों से एक दीवार के सहारे लाइन में खड़े होने को कहा। कौर ने अपने रिश्तेदारों को बताया कि उसने अपनी बंदूक लहराई और फिर छात्रों ने इधर उधर दौड़ना शुरू कर दिया।

अखबार के अनुसार कौर के हाथ में गोली लगी जो उस समय नीचे गिरे अपने एक सहपाठी की मदद कर रही थी। गोली लगने पर वह बाहर की ओर दौड़ी और अपने भाई पाल सिंह को बुलाया। पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और घायल दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

कौर के पिता बलवीर सिंह ने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि उनकी बेटी की जान बच गई। उनका परिवार भाग्यशाली है। हम ईश्वर के शुक्रगुजार हैं। बंदूकधारी को उसके किए की कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

दस साल पहले स्कूकी स्थापना करने वाले पेस्टर जांग किम ने बताया कि हमलावर नर्सिंग का पूर्व छात्र था। अभी यह पता नहीं है कि उसे स्कूल से निष्कासित कर दिया गया था या उसने खुद ही कॉलेज छोड़ दिया था। (भाषा)