• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: वॉशिंगटन , बुधवार, 28 मार्च 2012 (14:23 IST)

असद हटाएं आबादी वाले इलाकों से सेना-हिलेरी

हिलेरी क्लिंटन
FILE
अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद से कहा है कि वह घनी आबादी वाले इलाकों से सेना हटाकर और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से तैयार शांति योजना स्वीकार कर अमन कायम करने की अपनी इच्छा जाहिर करें।

एस्टोनिया के विदेश मंत्री उर्मस पएट के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि ज्यादा वादा करने और कम काम कर दिखाने के असद के इतिहास के मद्देनजर उस प्रतिबद्धता का मेल अब तत्काल कार्रवाइयों से होना ही चाहिए। हम इस बात से असद की निष्ठा और गंभीरता का फैसला करेंगे कि वह करके क्या दिखाते हैं न कि इससे कि वह कह क्या रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि वह सीरिया के इतिहास के इस काले अध्याय को बंद करना चाहते हैं तो वह सेना को गोलीबारी रोकने और आबादी वाले इलाकों से हटने का आदेश देकर तत्काल यह कर सकते हैं।

संयुक्त राष्ट्र और अरब लीग के संयुक्त दूत कोफी अन्नान की छह सूत्री योजना से जुड़े सवालों के जवाब में क्लिंटन संवाददाताओं को ये जवाब दे रही थीं।

अन्नान की छह सूत्री योजना में संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में संघर्षविराम, मानवीय सहायता के लिए काम करने वाले लोगों की पहुंच और सीरिया की अगुवाई में लोकतांत्रिक, बहुपक्षीय राजनीतिक प्रणाली के रूप में राजनीतिक बदलाव शामिल हैं। (भाषा)