1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Indore youth swept away by strong currents of Narmada river

नर्मदा नदी की तेज धार में बहा इंदौर का युवक, 9 घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव

Narmada river
मध्य प्रदेश के धार्मिक पर्यटन स्थल महेश्वर में नर्मदा नदी के सहस्त्रधारा घाट पर दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ घूमने आए 30 वर्षीय अर्पित हाड़ा का पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बह गया। परिजनों ने ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और गोताखोरों की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया। सोमवार को 9 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव मिल सका है।

परिवार के साथ घूमने आया था : अर्पित हाड़ा रविवार सुबह अपने परिवार के साथ महेश्वर के प्रसिद्ध सहस्त्रधारा क्षेत्र घूमने आया था। परिवार के पांच सदस्य उसके साथ थे। दिनभर धार्मिक स्थल और आसपास के क्षेत्रों में घूमने के बाद शाम को पूरा परिवार नर्मदा स्नान के लिए सहस्त्रधारा घाट पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में चट्टानें हैं और फिसलन भी रहती है।

तेज बहाव में बह गया युवक : नर्मदा में स्नान के दौरान अचानक अर्पित का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। नदी का बहाव इतना तेज था कि वह खुद को संभाल नहीं सका। उसके भाई और पत्नी ने शोर मचाकर ग्रामीणों से मदद मांगी, लेकिन किसी को भी उसे बचाने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते अर्पित तेज धारा में बह गया और परिजनों की आंखों के सामने ओझल हो गया।

रातभर चला रेस्क्यू : घटना की सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। रविवार देर रात तक लगातार खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह होमगार्ड और गोताखोरों की टीम फिर मौके पर पहुंची और दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सोमवार को करीब 9 घंटे की मशक्‍कत के बाद उसका शव बरामद किया गया है।
अगला लेख
अयोध्या राम मंदिर में बड़ा बदलाव, ऑनलाइन दान करते ही तुरंत मिलेगी डिजिटल रसीद