मंगलवार, 1 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2022
  2. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज़: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  4. Prime Minister Narendra Modi's meeting in Himachal
Written By
Last Updated : शनिवार, 5 नवंबर 2022 (15:40 IST)

मोदी बोले, प्रत्येक वोट अगले 25 वर्षों में हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा को करेगा परिभाषित

Narendra Modi
सुंदरनगर (हिमाचल प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में बनाए रखने का मन बना लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश में तेजी से प्रगति और स्थिर सरकार जरूरी है।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने मंडी जिले के सुंदरनगर में एक चुनावी रैली में कहा कि इस बार हिमाचल चुनाव खास है, क्योंकि 12 नवंबर को डाला गया प्रत्येक वोट सिर्फ आने वाले 5 साल के लिए नहीं है, बल्कि यह अगले 25 वर्षों के लिए राज्य की विकास यात्रा को परिभाषित करेगा।
 
उन्होंने कहा कि कुछ हफ्ते पहले भारत ने आजादी के 75 साल पूरे किए। जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, उसी समय के आसपास हिमाचल प्रदेश भी अपने गठन के 100 साल पूरे करेगा इसलिए अगले 25 साल बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं।
 
हिमाचल प्रदेश के लिए तेजी से प्रगति और स्थिर सरकार को जरूरी बताते हुए मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि हिमाचल के लोग, यहां के युवा, मां और बहनें इसे अच्छी तरह से समझते हैं। मोदी ने दावा किया कि लोग जानते हैं कि भाजपा स्थिरता के लिए खड़ी है और उसने सेवाभाव, समभाव रखते हुए विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है इसलिए हिमाचल प्रदेश के लोगों ने भाजपा को सत्ता में वापस लाने का फैसला किया है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
गुजरात में कांग्रेस की मजबूत माने जाने वाली 27 आदिवासी सीटों पर भाजपा की नजर