गुरुवार, 12 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. विधानसभा चुनाव 2024
  3. हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024
  4. Haryana Assembly Elections 2024 BJP Congress Candidates List
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 12 सितम्बर 2024 (00:19 IST)

हरियाणा चुनाव के लिए BJP की अंतिम लिस्ट जारी, कांग्रेस ने किया 40 उम्मीदवारों का ऐलान

हरियाणा चुनाव के लिए BJP  की अंतिम लिस्ट जारी, कांग्रेस ने किया 40 उम्मीदवारों का ऐलान - Haryana Assembly Elections 2024 BJP Congress Candidates List
हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार देर शाम अपनी तीसरी और अंतिम सूची जारी की। इधर कांग्रेस ने भी 40 उम्मीदवारों की घोषणा की। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
भाजपा की लिस्ट के मुताबिक पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता रामबिलास शर्मा को महेंद्रगढ़ से टिकट नहीं दिया है। इसके साथ ही भाजपा ने सभी 90 विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी की सूची के अनुसार, भाजपा ने महेंद्रगढ़ से कंवर सिंह यादव को मैदान में उतारा है।
 
रामबिलास शर्मा को इस बात का एहसास था कि पार्टी उन्हें इस सीट से टिकट संभवत: नहीं देगी, इसलिए उन्होंने पार्टी द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने से पहले ही इस निर्वाचन क्षेत्र से दिन में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।
भाजपा ने सिरसा से रोहताश जांगड़ा को मैदान में उतारा है, जबकि फरीदाबाद एनआईटी सीट से सतीश फागना को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। सिरसा का प्रतिनिधित्व वर्तमान में गोपाल कांडा कर रहे हैं, जो भाजपा सहयोगी हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख हैं।
 
भाजपा ने इससे पहले जारी दो सूचियों में 87 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इसने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी, जिसमें दो मंत्रियों का टिकट काट दिया गया और पेहोवा सीट से उम्मीदवार बदल दिया गया था। पहली सूची में 67 उम्मीदवारों के नाम थे जबकि दूसरी सूची में पेहोवा के नए उम्मीदवार सहित 21 उम्मीदवारों के नाम थे। 
 
कांग्रेस ने घोषित किए 40 उम्मीदवार : कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 40 और उम्मीदवार घोषित किए। इनमें प्रमुख नाम पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला के पुत्र आदित्य सुरजेवाला का है जिन्हें कैथल से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस ने हरियाणा के लिए अब तक कुल 81 उम्मीदवार घोषित किए हैं। इसने नौ सीटों पर अब तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, जबकि नामांकन की आखिरी तिथि 12 सितंबर है।
 
आप से गठबंधन का क्या : इस बीच, पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने अब तक 70 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वैसे, कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से आप के साथ गठबंधन की संभावना को आधिकारिक रूप से खारिज नहीं किया गया है। कांग्रेस ने पंचकूला से चंद्र मोहन, हिसार से रामनिवास रारा, बवानी खेड़ा से प्रदीप नरवाल, अंबाला शहर से निर्मल सिंह, ऐलनाबाद से भरत सिंह बेनीवाल और आदमपुर से चंद्रप्रकाश को उम्मीदवार बनाया है। इनपुट भाषा