अर्द्घचंद्रासन योग
- सुनील मिश्रा
ND
अर्द्घचंद्रासन योग के लाभ : इस आसन से घुटने, ब्लेडर, किडनी, छोटी आँत, लिवर, छाती, लंग्स और गर्दन तक का भाग एक साथ प्रभावित होता है। इससे इन सभी अंगों का व्यायाम होकर शरीर निरोगी बनता है। श्वांस, उदर, पिंडलियों, पैरों, कंधे, कुहनियों और रीढ़ संबंधी रोगों में भी इस आसन से लाभ मिलता है।
आसन कैसे करें :
- सबसे पहले दोनों पैरों की एड़ी-पंजों को मिलाकर खड़े हो जाएँ। दोनों हाथ कमर से सटे हुए गर्दन सीधी और नजरें सामने रखें।
- अब दोनों पैरों को लगभग एक से डे़ढ़ फिट दूर रखें। री़ढ़ की हड्डी को सीधा रखें। इसके बाद दाएँ हाथ को ऊपर उठाते हुए कंधे के समानांतर लाएँ फिर हथेली को आसमान की ओर करें। इस हाथ को ऊपर उठाते हुए कान से सटाएँ। इस दौरान बायाँ हाथ आपकी कमर से ही सटा रहना चाहिए।
- अब दाएँ हाथ को ऊपर सीधा कान और सिर से सटा हुआ रखते हुए ही कमर बाईं ओर झुकाते जाएँ। इस दौरान आपका बायाँ हाथ स्वतः ही नीचे खिसकता जाएगा। बाएँ हाथ की हथेली को पैर से अलग न करें।
ND
- यह तो हुआ दाएँ हाथ से बाईं ओर झुककर किए गए अर्द्धचंद्रासन का पहला चरण। अब इसी आसन को बाएँ हाथ से दाईं ओर झुकते हुए करें। इसके बाद पुनः विश्राम अवस्था में आ जाएँ। यह आसन दिन में 4-5 बार करें।
सावधानी : यदि बगल में या पीठ में दर्द हो तो यह आसन डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करें।

