1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. uk coronavirus death toll crosses 500 mark biggest single day rise

ब्रिटेन में पहली बार Corona के कहर से 1 दिन में 500 से अधिक लोगों की मौत, मचा हड़कंप

Britain
लंदन। ब्रिटेन में कोरोना वायरस से पहली बार एक दिन में 500 से अधिक लोगों की मौत हुई। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को ब्रिटेन में संक्रमण से 563 लोगों की मौत हुई, जिसके साथ देश में कुल मौतों की संख्या 2,352 हो गई है। 
 
स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट किया, ‘दुर्भाग्य से 31 मार्च को स्थानीय समयानुसार शाम 5 बजे तक ब्रिटेन के अस्पतालों में भर्ती और कोरोना वायरस से संक्रमित 2,352 लोगों की मौत हो चुकी है।’ मंत्रालय ने बताया कि देश में कुल 29,474 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और एक दिन में 4,324 मामले सामने आए हैं।
 
उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पिछले हफ्ते लॉकडाउन की घोषणा की गई थी और स्वयं कोरोना वायरस से संक्रमित प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने चेतावनी दी थी कि हालात सुधरने से पहले और खराब होंगे। 
 
वायरस संक्रमण से ब्रिटेन का शाही परिवार भी प्रभावित हुआ है। प्रिंस चार्ल्स संक्रमण के हल्के लक्षण सामने बाद पृथक निवास से मंगलवार को वापस आए। प्रिंस चार्ल्स ने बुधवार को वीडियो संदेश जारी कर राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा की प्रशंसा की और कहा कि हममें से कोई भी नहीं कह सकता कि यह कब खत्म होगा।
 
उन्होंने कहा, ‘जब तक यह जारी है हम सभी अपने स्तर से प्रयास करें और उम्मीद का साथ नहीं छोड़े, स्वयं और दूसरों में भरोसा रखें और बेहतर दिनों का इंतजार करें।’ (भाषा)
अगला लेख
कोरोना वायरस : घर पहुंचने की लालसा में निकले थे, मौत ने गले लगा लिया