1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. छत्तीसगढ़
Written By भाषा
Last Modified: रायगढ़ , शुक्रवार, 15 नवंबर 2013 (17:54 IST)

देश की दुर्दशा के लिए नेहरू, इंदिरा, राजीव जिम्मेदार

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2013
FILE
रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत की बिगड़ी व्यवस्था के लिए नेहरू, इंदिरा और राजीव जिम्मेदार हैं।

मोदी ने शुक्रवार को यहां चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की बिगड़ी व्यवस्था के लिए नेहरू, इंदिरा और राजीव जिम्मेदार हैं। क्यांेकि इस व्यवस्था को बनाने वाले, बिगाड़ने वाले और गुनहगार भी कांग्रेस है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भी नहीं जानती कि केंद्र में सरकार कैसे चलाना है। सरकार में काम क्या करना है। जनहित में क्या निर्णय लेना है, क्योंकि पूरी सरकार इस काम में व्यस्त है कि मोदी क्या कर रहा है? मोदी क्या बोल रहा है?

मोदी ने कहा कि कांग्रेस मोदी पर जितना ज्यादा कीचड़ उछालेगी, उतना ही ज्यादा कमल खिलेगा, क्योंकि कमल हमेशा कीचड़ में ही खिलता है। उन्होंने कहा कि पशुपति से तिरुपति तक नक्सलवाद, सीमा पर गोलीबारी और देश की सुरक्षा के मामले में केंद्र सरकार पूरी तरह से असफल रही है।

मोदी ने कहा कि सोनिया गांधी ने आतंकवाद के खिलाफ बनाए गए पोटा कानून को समाप्त कर हिंसक तत्वों को खुला मैदान दे दिया है। आतंकवाद और नक्सलवाद से लड़ने की जिम्मेदारी केंद्र की है और मैडम आरोप लगाती हैं कि छत्तीसगढ़ में रमन सरकार में नक्सलवाद बढ़ा है।

उन्होंने मीडिया पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया और कहा कि मीडिया की मेहरबानी से कांग्रेस और उसके आका बचे हुए हैं। मीडिया जो सवाल मुझसे करती है वह उनसे नहीं करती है।

केंद्रीय मंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चरणदास महंत द्वारा गुरुवार को दिए गए बयान पर कि 'रमन सरकार पैसे देकर अवॉर्ड लेती है', पर मोदी ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि पैसे लेने वाले कौन हैं। यदि प्रधानमंत्री ने अवॉर्ड दिया है, तब पैसे किसने लिए। मोदी ने कहा कि देश और जनता को कांग्रेस पर उनकी बातों पर उनके नेताओं पर उनके वादों पर उनकी नीतियों पर और उनकी नियत पर बिलकुल भरोसा नहीं है।

उन्होंने विरोधी नेताओं के उस बयान पर कि 'चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री नहीं हो सकता' पूछा कि 'क्या देश बेचने वाला प्रधानमंत्री होना चाहिए'। देश बेचने वाले से चाय बेचने वाला गरीब ज्यादा अच्छा है। उन्होंने कहा कि यह बयान गरीबों का अपमान है, उनके साथ धोखा है, गरीब इसका बदला चुनाव में लेंगे। कांग्रेस को कुर्सी की चिंता है, गांव और गरीबों की नहीं।

प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर द्वारा हाल में ही में नरेन्द्र मोदी की तारीफ करने पर कांग्रेस द्वारा उनका भारत रत्न सम्मान वापस करने की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का हिटलरशाही और फासीवादी रवैया है।

उन्होंने लोगों से कहा कि वे महात्मा गांधी की उस इच्छा को अवश्य पूरा करें जिसमें उन्होंने कहा था कि अब कांग्रेस का समय पूरा हो गया है, इसकी जरूरत नहीं है। इसे बिखेर दें। (भाषा)