• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फिल्म समीक्षा
Written By समय ताम्रकर

रब ने बना दी जोड़ी : फिल्म समीक्षा

मनोरंजन की कसौटी पर खरी

शाहरूख़ खान
PR
निर्माता : यश चोपड़ा, आदित्य चोपड़ा
निर्देशन, कथा, पटकथा, संवाद : आदित्य चोपड़ा
गीतकार : जयदीप साहनी
संगीतकार : सलीम मर्चेण्ट - सुलेमान मर्चेण्ट
कलाकार : शाहरुख खान, अनुष्का शर्मा (नया चेहरा), विनय पाठक, विशेष भूमिका में - काजोल, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा, लारा दत्ता और बिपाशा बसु


प्रेम कहानियों पर रोमांटिक फिल्म बनाने में यशराज फिल्म्स को महारत हासिल है। यश चोपड़ा ने ढेर सारी रोमांटिक फिल्में बनाईं और अब आदित्य चोपड़ा ने भी यशराज फिल्म्स को डूबते देख अपने सदाबहार फार्मूले की और लौटना पसंद किया।

कहा जाता है कि जोडि़याँ स्वर्ग में ही बन जाती हैं और हम जिसे दिल से प्यार करते हैं उसमें हमें रब दिखाई देता है। ये प्यार बदले में किसी किस्म की माँग या शर्त नहीं रखता बल्कि हमेशा उसकी खुशी चाहता है। इन वर्षों पुरानी बातों को आधार बनाकर उसे नए अंदाज में आदित्य चोपड़ा ने पेश किया है।

यशराज ‍बैनर की ‍पुरानी रोमांटिक फिल्मों की तुलना में इस बार कुछ बदलाव देखने को मिले हैं। इस बार स्विट्जरलैंड नहीं है, बल्कि हमारे देश का ही एक शहर है। इस बार फिल्म के किरदार महँगे कपड़े नहीं पहनते बल्कि आम लोगों जैसा सामान्य जीवन जीते हैं। इस बार खूबसूरती चेहरे पर नहीं बल्कि दिल में है।

कहानी है सुरिंदर साहनी (शाहरुख खान) की, जो पंजाब पॉवर में काम करता है। दिल का अच्छा है, लेकिन जमाने की भाषा में कहें तो ‘स्मार्ट’ नहीं है। आँखों पर चश्मा लगाए सुरिंदर जानता ही नहीं कि स्टाइल क्या होती है। अपने प्रोफेसर की बेटी तानी (अनुष्का शर्मा) की शादी में वह जाता है, लेकिन बारातियों की दुर्घटना हो जाती है। सभी मारे जाते हैं, जिसमें तानी का दूल्हा भी रहता है जिससे वह प्रेम करती थी।

अपने पिता के कहने पर तानी सुरिंदर से शादी कर लेती है। सुरिंदर जितना बोरिंग है, तानी उतनी जिंदादिल। सुरिंदर का अहसान तानी जरूर मानती है, लेकिन उससे प्यार नहीं करती। तानी डांस सीखने जाती है और तानी का दिल जीतने के लिए सुरिंदर भी नए लुक और नए नाम ‘राज’ के साथ वहाँ पहुँच जाता है। राज का रूप वह इसलिए धारण करता है क्योंकि वह तानी को खुश देखना चाहता है। दोनों डांस पार्टनर बन जाते हैं।

PR
राज के रूप में सुरिंदर अपने लुक के साथ-साथ अपनी भी शख्सियत बदल लेता है। खूब रोमांटिक बातें करता है और तानी भी धीरे-धीरे उसे चाहने लगती है। राज की असलियत जाने बिना तानी उसके साथ भागने के लिए तैयार हो जाती है। सुरिंदर चाहता है कि तानी उसे उसी रूप में पसंद करे, जैसा कि वह है न कि राज के रूप में उसे चाहे। घटनाक्रम कुछ ऐसे घटते हैं कि तानी सुरिंदर को पसंद करने लगती है।

आमतौर पर कहानियाँ प्रेम से शुरू होकर शादी पर खत्म होती है, लेकिन आदित्य ने ऐसी कहानी चुनी है, जिसमें शादी के बाद प्रेम शुरू होता है। इस कहानी का सबसे मजबूत पक्ष सुरिंदर की वह जिद है कि तानी उसे उसी रूप में पसंद करे जैसा वो है। कमजोर पक्ष पर गौर किया जाए तो तानी का राज की ओर आकर्षित होना कुछ लोगों को पसंद न आए। तानी के हृदय परिवर्तन के लिए कुछ ठोस कारण होने चाहिए थे, जो फिल्म में नदारद हैं।

आदित्य चोपड़ा ने अपनी कहानी को कुशल निर्देशक के रूप में परदे पर पेश किया है। प्रस्तुतीकरण के लिए उन्होंने पुरानी शैली अपनाई है, शायद इसीलिए उन्हें दो घंटे चालीस मिनट का वक्त लगा। कई छोटे-छोटे दृश्य उन्होंने बेहतरीन तरीके से गढ़े हैं, जैसे - शादी के बाद सुरिंदर दोस्तों को पार्टी देता है और उसमें तानी का आना। तानी को प्रभावित करने के लिए सुरिंदर का सूमो पहलवान से लड़ना। तानी का राज को मोटरबाइक पर पीछे बैठाकर अपने प्रतिद्धंद्वी को सबक सिखाना। राज और तानी के बीच गोलगप्पे खाने वाला दृश्य। इसके अलावा सुरिंदर और तानी के बीच कई दृश्य खूबसूरती के साथ पेश किए गए हैं।

फिल्म सिर्फ तीन कलाकारों शाहरुख, अनुष्का और विनय पाठक के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन इसके बावजूद बोरियत पास नहीं फटकती। रोमांस, हास्य, खुशी, दर्द, हँसी का उन्होंने बेहतर संतुलन बनाया है, जिससे फिल्म मनोरंजक बन गई है। तानी का राज और सुरिंदर के बीच भेद न कर पाना अचरज भरा जरूर लग सकता है, लेकिन इसे स्वीकारे बिना आप फिल्म का आनंद नहीं ले सकते। फिल्म का क्लायमेक्स शानदार तरीके से फिल्माया गया है, जिसमें स्टेज पर डांस करते वक्त तानी को पता चलता है कि सुरिंदर और राज एक ही व्यक्ति है।

शाहरुख खान ने दोहरी भूमिकाएँ निभाई हैं। एक राज की और दूसरी सुरिंदर की। सुरिंदर के सीधेपन और दिल की पवित्रता को उन्होंने बेहतरीन तरीके से पेश किया है। वहीं राज के रूप में दर्शकों को हँसाया। उम्र के निशान उनके चेहरे पर दिखने लगे हैं, लेकिन अभिनय में चपलता बाकी है।

अनुष्का शर्मा ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अभिनय किया है। पहली ही फिल्म में शाहरुख जैसे कलाकार के सामने खड़े होने में आपकी पोल खुल सकती है, लेकिन अनुष्का ने शाहरुख का डटकर मुकाबला किया। पंजाबी लड़कियों के सारे हाव-भाव उन्होंने अपने अभिनय में समाहित किए। शाहरुख के दोस्त के रूप में विनय पाठक जमे। वे जब-जब परदे पर आए, दर्शकों ने राहत महसूस की।

PR
सलीम-सुलैमान का संगीत फिल्म देखते समय ज्यादा अच्छा लगता है। ‘हौले-हौले’ पहले ही लोकप्रिय हो चुका है। ‘डांस पे चांस’ जितना उम्दा लिखा गया है, उतना ही उम्दा फिल्माया गया है। ‘हम हैं राही प्यार के’ का फिल्मांकन भव्य है। इसमें पुराने नायकों को याद किया गया है और काजोल, बिपाशा, लारा, प्रिटी और रानी मुखर्जी जैसी नायिकाएँ कुछ देर के लिए दिखाई देती हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक में हारमोनियम का अच्छा उपयोग किया गया है। तकनीकी रूप से फिल्म सशक्त है। फिल्म की लंबाई कुछ लोगों को अखर सकती है।

कुल मिलाकर ‘रब ने बना दी जोड़ी’ मनोरंजन का उम्दा पैकेज है, जिसमें प्यार, हँसी, दर्द, संगीत, नृत्य और खुशी का उचित मात्रा में संतुलन है। सभी उम्र और वर्ग के दर्शकों को यह पसंद आ सकती है।

रेटिंग : 3.5/5
1-बेकार/ 2- औसत/ 3- अच्छी/ 4- शानदार/ 5- अद्‍भुत