• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फिल्म समीक्षा
  4. अवतार : एक अद्‍भुत दुनिया
Written By समय ताम्रकर

अवतार : एक अद्‍भुत दुनिया

Avatar Movie Review | अवतार : एक अद्‍भुत दुनिया
PR
बैनर : 20 सेंचुरी फॉक्स
निर्माता-निर्देशक : जेम्स कैमरून
संगीत : जेम्स हॉर्नर
कलाकार : सैम वर्थिंगटन, सीगोर्नी विवर, स्टीफन लैंग, ज़ो सल्डाना
यू/ए * 2 घंटे 43 मिनट
रेटिंग : 3.5/5

‘अवतार’ की कहानी जेम्स कैमरून ने वर्षों पहले सोची थी, लेकिन वे इसको स्क्रीन पर लंबे समय तक इसलिए नहीं पेश कर सके क्योंकि तकनीक उन्नत नहीं हुई थी। वर्षों उन्होंने इंतजार किया और जब तकनीक ने उनका साथ दिया तब उन्होंने ‘अवतार’ फिल्म बनाई।

‘अवतार’ की कहानी बेहद सरल है और आगे क्या होने वाला है इसका अंदाजा भी आप लगा सकते हैं। लेकिन यह कैसे होगा और फिल्म के विज्युअल इफेक्ट इस फिल्म को खास बनाते हैं। एक ऐसी दुनिया दिखाई गई है, जिसकी कल्पना रोमांचित कर देती है।

ये कहानी सन् 2154 की है। पृथ्वी से कुछ प्रकाश वर्ष दूर पेंडोरा नामक ग्रह है। पृथ्वीवासियों के इरादे नेक नहीं है। वे पेंडोरा से कुछ जानकारी जुटाने, उस पर कॉलोनी बनाने के साथ-साथ वहाँ की बहुमूल्य संपदा को ले जाना चाहते हैं, लेकिन उनके रास्ते में वहाँ के स्थानीय निवासी बाधा हैं, जिन्हें वे ‘ब्लू मंकी’ कहते हैं। वैसे उन्हें नावी कहा जाता है और इंसान उन्हें अपने से पिछड़ा हुआ मानते हैं।

PR
अवतार प्रोग्राम का जैक सुली (सैम वर्थिंगटन) भी हिस्सा है। इस प्रोग्राम में जैक अपने जुड़वाँ भाई की जगह आया है क्योंकि उसके भाई की मौत हो गई है। मनुष्य और नावी के डीएनए को मिलाकर एक ऐसा शरीर बनाया जाता है, जिसे अवतार कहते हैं। इसे गहरी नींद में जाकर दूर से नियंत्रित किया जा सकता है।

जैक सुली का अवतार पेंडोरा के निवासियों के बीच फँस जाता है, लेकिन वह उनसे दोस्ती कर जानकारी जुटाता है। वहाँ उसे प्यार भी हो जाता है और उनकी दुनिया को वह उनकी निगाहों से देखता है। लेकिन जब उसे इंसानों के खतरनाक इरादों का पता चलता है तो वह उनकी तरफ से लड़ता है और पेंडोरा को बचाता है।

जेम्स कैमरून ने इस कहानी को कहने के लिए जो कल्पना गढ़ी है वो अद्‍भुत है। चमत्कारी पेड़-पौधे, उड़ते हुए भीमकाय ड्रेगन, घना जंगल, पहाड़, अजीबो-गरीब कीड़े-मकोड़े और पक्षी, खतरनाक जंगली कुत्ते, पेंडोरा के शक्तिशाली नीले रंग के निवासी चकित करते हैं। सन् 2154 में मनुष्य के पास किस तरह के हवाई जहाज और हथियार होंगे इसकी झलक भी फिल्म में देखने को मिलती है।

फिल्म का क्लाइमैक्स जबरदस्त है जब दोनों पक्षों में लड़ाई होती है। इसे बेहतरीन तरीके से फिल्माया गया है और एक्शन प्रेमी इसे देखकर रोमांचित हो जाते हैं। फिल्म की कहानी युद्ध के खिलाफ है और शांति की बात करती है। आपसी विश्वास और प्यार के जरिये लोगों का दिल जीतने का संदेश भी इस फिल्म के जरिये दिया गया है।

जेम्स कैमरून नि:संदेह इस फिल्म के हीरो है। छोटी-छोटी बातों पर उन्होंने ध्यान रखा है और हर किरदार का ठीक से विस्तार किया है। विज्युअल इफेक्ट, कहानी और एक्शन का उन्होंने संतुलन बनाए रखा है और तकनीक को फिल्म पर हावी नहीं होने दिया है। आमतौर पर महँगी फिल्मों में निर्देशक अपने दृश्यों को काँटने की हिम्मत नहीं जुटा पाता है, इसलिए यह फिल्म भी थोड़ी लंबी हो गई है।

PR
तकनीकी रूप से फिल्म लाजवाब है। फोटोग्राफी, स्पेशल/विज्युअल इफेक्ट, कास्ट्यूम डिजाइन, संपादन बेहतरीन है। लाइट और शेड का प्रयोग फिल्म को खूबसूरत बनाता है। इस फिल्म में सीजीआई (कम्प्यूटर जनरेटेड इमेज) के सबसे अत्याधुनिक वर्जन का प्रयोग किया गया है, जिससे फिल्म के ग्राफिक्स की गुणवत्ता और अच्छी हो गई है।

सैम वर्थिंगटन, सीगोर्नी विवर, स्टीफन लैंग, ज़ो सल्डाना सहित सारे कलाकारों ने उम्दा अभिनय किया है।

एक अनोखी दुनिया देखने के लिए ‘अवतार’ देखी जा सकती है।