गुरुवार, 17 जुलाई 2025
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. मिर्च-मसाला
Written By समय ताम्रकर

दीपिका पादुकोण बनी फोटोग्राफर

दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण ‘कॉकटेल’ नामक फिल्म सैफ अली खान के साथ कर रही हैं। लव आज कल और आरक्षण नामक फिल्मों में वे साथ आ चुके हैं। फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं होमी अडजानिया जो सैफ को लेकर बहुत पहले ‘बीइंग सायरस’ नामक फिल्म बना चुके हैं।

यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी, लेकिन समीक्षकों ने इसे सराहा था। सैफ भी होमी से काफी प्रभावित हुए और उन्होंने अपने बैनर की फिल्म ‘कॉकटेल’ के निर्देशन का भार होमी पर डाल दिया। एक बार फिर अपनी होम प्रोडक्शन में दीपिका को सैफ ने चुना।

इस फिल्म में दीपिका एक फोटोग्राफर बनी हैं। कहा जा रहा है कि ज्यादातर फिल्मों में ग्लैमरस डॉल बनने वाली दीपिका ने इस रोल के लिए खासी तैयारी भी की है। फोटोग्राफर्स से तो रोजाना उनका पाला पड़ता है, इसलिए यह रोल निभाने में उन्हें कठिनाई महसूस नहीं हुई।

PR


फिल्म से जुड़े लोगों ने कहानी का खुलासा करते हुए बताया कि दीपिका और सैफ लंदन में रहने वाले भारतीय हैं। सैफ और दीपिका के बीच प्यार नहीं है, लेकिन वे दीपिका के साथ उनके ही अपार्टमेंट में रहते हैं। भारत से दीपिका की सहेली आती है जिसकी तरफ सैफ आकर्षित हो जाते हैं। यह बात दीपिका को पसंद नहीं आती और कहानी प्रेम त्रिकोण में बदल जाती है।

दीपिका द्वारा रेस 2 छोड़ने के कारण सैफ उनसे नाराज हो गए थे, लेकिन हाल ही में ‘कॉकटेल’ की शूटिंग के दौरान दोनों ने बात कर विवाद को सुलझा लिया है। निर्देशक होमी यही चाहते थे वरना उनकी केमिस्ट्री पर असर होता।