सैयारा वर्ल्ड वाइड 500 करोड़ पार, ऐसा करने वाली पहली लव स्टोरी, चेक करें डिटेल्स
भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली प्रेम कहानी, सैयारा, एक डेब्यू फिल्म होते हुए भी बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच चुकी है। जिसने अब तक वर्ल्डवाइड 500 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।
वाईआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी द्वारा निर्मित, यह फिल्म अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म है और इसने इन दोनों को भारत की नई जनरेशन के स्टार्स और देश के चहेते बना दिया है।
निर्देशक मोहित सूरी के लिए भी सैयारा पहली ऐसी फिल्म बनी है जिसने वर्ल्ड वाइड 500 करोड़ रुपये क्लब में एंट्री की है। यह पहली बार हुआ है कि किसी डेब्यू जोड़ी की फिल्म ने इतनी बड़ी वैश्विक सफलता हासिल की हो। 18 दिनों में कुल वर्ल्ड वाइड ग्रॉस 507 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है!
सीईओ अक्षय विधानी ने कहा:“एक कंपनी के रूप में, हम इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय फिल्म के कप्तान मोहित सूरी को देना चाहते हैं, जिन्होंने इस पीढ़ी को एक ऐसी प्रेम कहानी दी जिसे वे अपना कह सकते हैं, हमारे शानदार डेब्यू स्टार्स अहान और अनीत को, जिन्होंने अपने अभिनय से प्यार को जीवंत कर दिया, आदित्य चोपड़ा को उनके मजबूत मार्गदर्शन के लिए, और पूरी सैयारा टीम को जिन्होंने इस फिल्म को एक वैश्विक फेनोमेनन बना दिया।”
उन्होंने आगे कहा:“सैयारा की सफलता एक बार फिर साबित करती है कि अगर दर्शकों को सच्चा प्यार और दिल से बनी प्रेम कहानी दी जाए, तो रोमांस जैसा कोई दूसरा जॉनर नहीं है जो इतना प्यार पाता हो। यह सफलता हमें आगे और बड़ी कहानियों की तलाश में प्रेरित करती है।”
अक्षय ने यह भी जोड़ा: “युवा दर्शकों द्वारा इस फिल्म को अपनाना, यह दर्शाता है कि वे थिएटर में फिल्म देखने को लेकर उत्साहित हैं। हर दर्शक का धन्यवाद, जिन्होंने सैयारा को हमारे समय की सबसे खास प्रेम कहानी बना दिया।”
सैयारा - वर्ल्ड वाइड ग्रॉस बॉक्स ऑफिस: तीसरे हफ्ते तक
- भारत (GBOC): 376 करोड़ रुपये
- इंटरनेशनल (GBOC): 131 करोड़ रुपये
- कुल वर्ल्ड वाइड GBOC: 507 करोड़ रुपये/ $58.28 मिलियन (4 अगस्त 2025 तक)
तीसरे सप्ताह के भारत के आंकड़े (NBOC):
- शुक्रवार: 5.00 करोड़ रुपये
- शनिवार: 7.00 करोड़ रुपये
- रविवार: 8.25 करोड़ रुपये
- सोमवार: 2.50 करोड़ रुपये
- कुल नेट भारत: 308.00 करोड़ रुपये

