• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. happy birthday sanjay leela bhansali interesting facts about director
Last Modified: सोमवार, 24 फ़रवरी 2025 (16:49 IST)

कभी विधु विनोद चोपड़ा के सहायक के रूप में काम करते थे संजय लीला भंसाली

कभी विधु विनोद चोपड़ा के सहायक के रूप में काम करते थे संजय लीला भंसाली - happy birthday sanjay leela bhansali interesting facts about director
बॉलीवुड के जाने-माने फिल्मकार संजय लीला भंसाली 62 वर्ष के हो गए हैं। 24 फरवरी 1963 को मुंबई में जन्में संजय लीला भंसाली ने अपने करियर की शुरुआत विदु विनोद चोपड़ा के सहायक के तौर पर की। भंसाली ने विदु विनोद चोपड़ा की फिल्म परिन्दा, 1942 ए लव स्टोरी और करीब में सहायक निर्देशक के तौर पर काम किया। 
 
बतौर स्वतंत्र निर्देशक संजय लीला भंसाली ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में प्रदर्शित फिल्म खामोशी से की। इस फिल्म में नाना पाटेकर, सलमान खान और मनीषा कोइराला ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थी। यूं तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नही दिखा सकी लेकिन संजय लीला भंसाली ने अपने बेहतरीन निर्देशन के जरिए दर्शकों के साथ हीं समीक्षकों का भी दिल जीत लिया।
 
वर्ष 1999 में प्रदर्शित फिल्म हम दिल दे चुके सनम संजय लीला भंसाली के करियर की पहली सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म में भी संजय लीला भंसाली ने सलमान खान का चुनाव किया। फिल्म में सलमान खान के अलावा ऐश्वर्या राय और अजय देवगन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। सलमान खान और ऐश्वर्या राय की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इस फिल्म के लिए संजय लीला भंसाली सर्वश्रेष्ठ निर्माता-निर्देशक के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किए गए।
 
वर्ष 2002 में संजय लीला भंसाली ने शरतचंद्र के उपन्यास पर आधारित फिल्म देवदास का निर्देशन किया जिसमें शाहरुख खान ने देवदास की भूमिका निभाई। देवदास में शाहरुख खान के अलावा ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित की भी अहम भूमिकाएं थी। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का फिल्म फेयर पुरस्कार भी दिया गया।
 
वर्ष 2005 में प्रदर्शित फिल्म ब्लैक संजय लीला भंसाली के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म में उन्हें महानायक अमिताभ बच्चन और रानी मुखर्जी को निर्देशित करने का अवसर मिला। ब्लैक के लिए भी संजय लीला भंसाली सर्वश्रेष्ठ निर्माता और निर्देशक के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किए गए। 
 
इस बीच संजय लीला भंसाली ने वर्ष 2007 में सावंरिया और वर्ष 2010 में गुजारिश का निर्माण-निर्देशन किया हालांकि दोनो हीं फिल्में टिकट खिड़की पर असफल साबित हुई। सांवरिया के जरिए संजय लीला भंसाली ने रणबीर कपूर और सोनम कपूर को फिल्म इंडस्ट्री में लांच किया था।
 
वर्ष 2012 में संजय लीला भंसाली ने अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा को लेकर राउडी राठौर का निर्माण किया। फिल्म ने टिकट खिड़की पर 100 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की। वर्ष 2013 में भंसाली ने दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह को लेकर गोलियों की रासलीला रामलीला बनाई। यह फिल्म भी टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई। वर्ष 2014 में संजय लीला भंसाली ने प्रियंका चोपड़ा को लेकर मेरीकॉम बनाई जो हिट साबित हुई। 
 
संजय लीला भंसाली की महत्वकांक्षी फिल्म बाजीराव मस्तानी वर्ष 2015 में प्रदर्शित हुई जिसमें रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। इसके साथ ही संजय लीला भंसाली सर्वश्रेष्ठ निर्माता और निर्देशक के फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किए गए। 
 
संजय लीला भंसाली की वर्ष 2018 में फिल्म पद्मावत प्रदर्शित हुई। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद भंसाली ने वर्ष 2022 में आलिया भट्ट को लेकर सुपरहिट फिल्म गंगूबाई काठियावाडी बनाई। वर्ष 2024 में भंसाली ने वेब सीरीज हीरामंडी बनाई, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया। भंसाली इन दिनों फिल्म लव एंड वॉर बना रहे हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल की अहम भूमिका है।
ये भी पढ़ें
आपका दिन बना देगा यह चटपटा चुटकुला: दिन में बोलने का मौका तो दीजिए!