ऑफिशियल होने से पहले ही खत्म हुआ धनुष और मृणाल ठाकुर का रिश्ता, आपसी सहमति से जुदा की राहें!
साउथ सुपरस्टार धनुष और एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर के अफेयर की चर्चाएं बीते काफी समय से चल रही थीं। हालांकि दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई पुष्टि नहीं की थी। कहा जा रहा था कि दो बच्चों के पिता तलाकशुदा एक्टर धनुष, मृणाल को लेकर काफी सीरियस हैं। लेकिन हालिया मीडिया रिपोर्ट्स फैंस का दिल तोड़ने वाली हैं।
खबरों की मानें तो धनुष और मृणाल ठाकुर का रिश्ता ऑफिशियल होने से पहले ही खत्म हो गया है। मैगजीन फिल्मफेयर की एक रिपोर्ट के अनुसार, धनुष और मृणाल ठाकुर ने महीनों की डेटिंग की अफवाहों के बाद आपसी सहमति से इस कथित रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दोनों अब अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं, हालांकि इस अचानक हुए अलगाव की असली वजह क्या है, इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है।
इन दोनों के बीच अफेयर की चर्चाओं को तब सबसे ज्यादा हवा मिली थी, जब धनुष को फिल्म 'सन ऑफ सरदार 2' के प्रीमियर पर देखा गया था। इस फिल्म में मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिका में हैं। इवेंट में दोनों की ट्यूनिंग और मुलाकातों ने नेटिजन्स का ध्यान खींचा था।
जब मीडिया ने मृणाल से धनुष की मौजूदगी पर सवाल किया, तो उन्होंने बेहद सधे हुए अंदाज में कहा था कि यह सवाल अजय देवगन से पूछा जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने ही धनुष को आमंत्रित किया था।
धनुष अपनी पर्सनल लाइफ को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते हैं। धनुष की शादी साउथ के महानायक रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत के साथ 18 नवंबर 2004 को हुई थी। इस शादी से उनके दो बेटे, यात्रा और लिंगा हैं। लगभग 18 साल तक साथ रहने के बाद, साल 2022 में दोनों ने अलग होने की घोषणा की थी, जिसके बाद साल 2024 में कानूनी तौर पर उनका तलाक फाइनल हुआ।
वर्क फ्रंट की बात करें तो धनुष को हाल ही में एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'करा' में देखा गया था, जिसका निर्देशन 'पोर थोजिल' फेम विग्नेश राजा ने किया है। वह जल्द ही फिल्म 'ओम' में नजर आने वाले हैं। हाल ही में रिलीज हुए 'ओम' के पहले धमाकेदार प्रोमो और टीजर ने इंटरनेट पर आग लगा दी है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें