थिएटर में 'स्पॉइलर' देना पड़ा भारी: Spider-Man: Brand New Day की स्क्रीनिंग के दौरान जमकर हुआ बवाल
अगर आप भी सिनेमाघर में फिल्में देखने के शौकीन हैं और फिल्म के सस्पेंस को बनाए रखना पसंद करते हैं, तो यह खबर आपको हैरान भी करेगी। मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' की स्क्रीनिंग के दौरान एक थिएटर का माहौल अचानक उस वक्त गर्मा गया, जब एक दर्शक की 'स्पॉइलर' देने की आदत ने पूरे हॉल का मजा किरकिरा कर दिया।
बात बहस से शुरू हुई और देखते ही देखते थिएटर के अंदर हाथापाई तक पहुंच गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार, यह घटना उस समय घटी जब चार दोस्त नई स्पाइडर-मैन फिल्म देखने थिएटर पहुंचे थे। उनके ठीक बगल में बैठा एक अन्य युवक यह फिल्म पहले ही देख चुका था।
Happy Friendship Day
— MB Lumora (@MBLumora) August 2, 2026
Four friends rushed into the theater, buzzing with excitement for the brand-new Spider-Man: Brand New Day.
Right beside them sat a guy who had already seen it. Throughout the film he kept leaning over to his girlfriend, loudly whispering every twist and… pic.twitter.com/MQRfX236in
फिल्म शुरू होते ही वह युवक अपने साथ बैठी महिला मित्र को आगे आने वाले अहम सीन, सस्पेंस, और बड़े ट्विस्ट्स पहले से ही जोर-जोर से बताने लगा। बार-बार फिल्म के सीक्रेट्स रिवील होने की वजह से आसपास बैठे अन्य दर्शकों का फिल्म देखने का पूरा मजा खराब होने लगा। जब युवक की यह हरकत बंद नहीं हुई, तो पास बैठे चारों दोस्तों ने इसका विरोध किया और उसे फिल्म के सीन पहले न बताने की गुजारिश की।
बहस से शुरू होकर हाथापाई तक पहुंचा विवाद
शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच केवल जुबानी बहस हुई। लेकिन धीरे-धीरे मामला इतना तूल पकड़ गया कि बहस धक्का-मुक्की और हाथापाई में तब्दील हो गई। इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि थिएटर के अंदर अंधेरे के बीच कई लोग आपस में उलझते और एक-दूसरे पर हाथ उठाते नजर आ रहे हैं।
हालांकि, स्थिति बिगड़ती देख थिएटर में मौजूद अन्य दर्शकों और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और किसी तरह मामले को शांत कराया। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर नेटिजन्स दो धड़ों में बंट गए हैं। अधिकांश सिनेमा प्रेमियों का कहना है कि किसी भी फिल्म का सस्पेंस या पोस्ट-क्रेडिट सीन पहले से बता देना बेहद गलत है। इससे पहली बार फिल्म देखने आए लोगों का पूरा अनुभव बर्बाद हो जाता है।
वहीं, दूसरी तरफ कई यूज़र्स ने यह तर्क दिया कि चाहे स्पॉइलर देने वाले की हरकत कितनी भी गुस्सा दिलाने वाली क्यों न हो, लेकिन किसी भी विवाद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। लोगों को संयम से काम लेना चाहिए था। इस घटना के बाद अब सोशल मीडिया पर 'थिएटर एटीकेट' को लेकर जागरूकता फैलाने की अपील की जा रही है, ताकि लोग सिनेमा हॉल के नियमों और साथी दर्शकों की प्राइवेसी का सम्मान करें।
गौरतलब है कि 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' में हॉलीवुड अभिनेता टॉम हॉलैंड एक बार फिर अपने आइकोनिक किरदार 'पीटर पार्कर' उर्फ 'स्पाइडर-मैन' के रूप में वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन डेस्टिन डैनियल क्रेटन ने किया है। फिल्म में जबरदस्त एक्शन और कई सरप्राइज कैमियो हैं, जिसकी वजह से दर्शकों में इसका जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है।

