सम्बंधित जानकारी
- ईरानी सिंगर को बिना हिजाब कॉन्सर्ट करना पड़ा भारी, मिली 74 कोड़ों की सजा
- अंजना सुखानी ने बताया 'मैं वापस आऊंगा' की शूटिंग का अनुभव, नसीरुद्दीन शाह-दिलजीत दोसांझ की जमकर की तारीफ
- आमिर खान से अजय देवगन तक, एक्टिंग के साथ डायरेक्शन में भी छाए ये सितारे
- माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे अक्षय कुमार, 'वेलकम टू द जंगल' की रिलीज से पहले लिया आशीर्वाद
- 'कॉकटेल 2' के साथ रिलीज होते ही लीक हुआ 'ईथा' का टीजर, लावणी डांसर बन छाईं श्रद्धा कपूर
जब जॉन अब्राहम की वजह से रोई थीं कैटरीना कैफ, सलमान खान ने यूं दिया था सहारा!
बॉलीवुड में आज कैटरीना कैफ का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है। वो इंडस्ट्री की सबसे महंगी और कामयाब अभिनेत्रियों में शुमार की जाती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज करोड़ों दिलों पर राज करने वाली इस 'बार्बी डॉल' को अपने करियर के शुरुआती दौर में एक ऐसा रिजेक्शन झेलना पड़ा था, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था?
यह किस्सा जुड़ा है साल 2003 की फिल्म 'साया', जॉन अब्राहम और सुपरस्टार सलमान खान से। कैटरीना कैफ ने अपने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि बॉलीवुड में कदम रखते ही उन्हें कड़े संघर्ष और रिजेक्शन का सामना करना पड़ा था। अनुराग बसु के निर्देशन और महेश भट्ट के प्रोडक्शन में बन रही सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म 'साया' में कैटरीना को लीड रोल के लिए चुना गया था। उनके अपोजिट हैंडसम हंक जॉन अब्राहम थे।
कैटरीना ने बताया था कि उन्होंने फिल्म के लिए सिर्फ एक शॉट दिया था। उस एक शॉट के तुरंत बाद मेकर्स ने उन्हें फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया और उनकी जगह तारा शर्मा को कास्ट कर लिया गया। वजह बताई गई कि कैटरीना को हिंदी नहीं आती थी और उनका ब्रिटिश एक्सेंट फिल्म के किरदार से मैच नहीं कर रहा था। उस वक्त कुछ लोगों ने तो कैटरीना के मुंह पर यहां तक कह दिया था कि 'तुम कभी एक्ट्रेस नहीं बन सकतीं, तुममें कुछ भी अच्छा नहीं है।'
तीन दिन तक रोई थीं कैटरीना
इस रिजेक्शन से कैटरीना कैफ बुरी तरह टूट गई थीं। उन्हें लगा कि बिना शुरुआत के ही उनका बॉलीवुड करियर खत्म हो चुका है। तब उनके जीवन में सलमान खान का सपोर्ट एक ढाल बनकर आया। एक पुराने इंटरव्यू में सलमान खान ने इस घटना को याद करते हुए मजेदार और भावुक खुलासा किया था।
सलमान ने कहा था, कैटरीना मेरे पास आई और रोते हुए कहने लगी कि 'मेरा पूरा करियर बर्बाद हो गया'। मुझे लगातार तीन दिन तक उसका यह रोना झेलना पड़ा था। लेकिन मुझे पता था कि इस लड़की में कुछ खास है। मैंने उससे कहा था कि तुम क्यों रो रही हो? तुम आने वाले समय में इस देश की सबसे बड़ी स्टार्स में से एक होगी। कुछ सालों बाद तुम खुद इस बात पर हंसोगी।
सलमान की यह भविष्यवाणी शत-प्रतिशत सच साबित हुई। कैटरीना ने हार नहीं मानी, हिंदी सीखी, अपनी डिक्शन पर काम किया और बैक-टू-बैक ब्लॉकबस्टर फिल्में देकर खुद को साबित किया।
'न्यूयॉर्क' फिल्म और बदले का मौका
साल 2009 में यशराज फिल्म्स की कल्ट-क्लासिक फिल्म 'न्यूयॉर्क' बन रही थी। इस फिल्म के निर्देशक कबीर खान और पूरी टीम कैटरीना के बेहद करीब थी। तब तक कैटरीना टॉप स्टार बन चुकी थीं। जब कैटरीना को पता चला कि इस फिल्म में उनके अपोजिट जॉन अब्राहम हैं, तो उनका पुराना जख्म हरा हो गया।
सलमान खान ने बताया था कि उस समय पावर डायनामिक्स पूरी तरह बदल चुके थे। कैटरीना उस स्थिति में थीं कि अगर वो डायरेक्टर से कहतीं, तो जॉन अब्राहम को फिल्म से रिप्लेस किया जा सकता था। कैटरीना ने सलमान से कहा भी था, "इन्होंने मुझे फिल्म से निकाला था।"
लेकिन यहां सलमान खान ने कैटरीना को लाइफ का सबसे बड़ा सबक दिया। सलमान ने कैट से कहा, "चलो यार, अब बड़े दिल का प्रदर्शन करो। आज तुम उस मुकाम पर हो कि तुम उन्हें हटवा सकती हो, लेकिन ऐसा करना सही नहीं है। आप स्क्रिप्ट और डायरेक्टर के लिए काम कीजिए, को-स्टार कोई भी हो। कैटरीना ने सलमान की बात मानी, जॉन के साथ काम किया और 'न्यूयॉर्क' बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई।
जॉन अब्राहम ने दी थी अपनी सफाई
दिलचस्प बात यह है कि सालों बाद जब जॉन अब्राहम 'आप की अदालत' में आए, तो उन्होंने इस विवाद पर अपनी सफाई दी थी। जॉन ने कहा था, जब 'साया' बन रही थी, तब मेरी खुद की पहली फिल्म 'जिस्म' रिलीज नहीं हुई थी। मैं खुद एक न्यूकमर था। मेरे पास इतनी पावर ही नहीं थी कि मैं किसी को फिल्म में रखूं या निकलवाऊं। मुझे तो अगले दिन सेट पर जाकर पता चला था कि मेकर्स ने कैटरीना को रिप्लेस कर दिया है।
