'3 इडियट्स' के सीक्वल पर बड़ा अपडेट, राजकुमार हिरानी ने खोला कहानी का राज
साल 2009 में जब सिनेमाघरों में 'ऑल इज वेल' का नारा गूंजा था, तो उसने देश के हर छात्र और माता-पिता की सोच को बदल कर रख दिया था। हम बात कर रहे हैं राजकुमार हिरानी की मास्टरपीस फिल्म 3 इडियट्स की। पिछले 17 सालों से फैंस इस फिल्म के दूसरे भाग का इंतजार कर रहे हैं।
अब दर्शकों का यह इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। अभिनेता आमिर खान के बाद अब खुद दिग्गज फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी ने 3 इडियट्स 2 की कहानी, इसके किरदारों की दिशा और थीम को लेकर बेहद चौंकाने वाले और दिलचस्प खुलासे किए हैं।
कॉलेज के गलियारों से बाहर निकलेगी कहानी
आमतौर पर जब भी किसी कॉलेज ड्रामा फिल्म का सीक्वल बनता है, तो मेकर्स उसी ढर्रे को आगे बढ़ाते हैं। लेकिन राजकुमार हिरानी लीक से हटकर काम करने के लिए जाने जाते हैं। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने साफ किया कि '3 इडियट्स 2' में दर्शक रैंचो, फरहान और राजू को दोबारा कॉलेज में पढ़ते या किसी नए प्रोजेक्ट पर काम करते नहीं देखेंगे।
राजकुमार हिरानी के मुताबिक, मैं अभी भी उस स्क्रिप्ट पर काम कर रहा हूं और अभी बहुत काम बाकी है। यह कहानी मुख्य रूप से इस बारे में है कि मूल फिल्म की घटनाओं के 15-20 साल बाद इन किरदारों की जिंदगी में क्या बदलाव आते हैं। अब वे कॉलेज में नहीं हैं। वे शादीशुदा हैं, उनके बच्चे हैं और वे अपनी जिंदगी के एक बेहद अलग पड़ाव यानी 'मिड-लाइफ क्राइसिस' का सामना कर रहे हैं।
क्या होगा फिल्म का मुख्य प्लॉट?
फिल्म के प्लॉट की बात करें तो अंत में जहां रैंचो (आमिर खान) लद्दाख में एक वैज्ञानिक और शिक्षक के रूप में स्थापित हुआ था, वहीं फरहान (आर. माधवन) वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर और राजू (शरमन जोशी) कॉर्पोरेट जगत में सैटल हो गए थे। सीक्वल की कहानी इनके इसी जीवन से करीब डेढ़-दो दशक आगे शुरू होगी। अब ये तीनों दोस्त अपनी उम्र के 40वें या 45वें पड़ाव पर होंगे, जहां परिवार की जिम्मेदारियां, बच्चों की परवरिश, खुद की पुरानी ख्वाहिशें और बढ़ती उम्र की उलझनों के बीच उनकी दोस्ती की परीक्षा होगी।
इस सीक्वल को लेकर सिर्फ राजकुमार हिरानी ही नहीं, बल्कि 'रैंचो' का मुख्य किरदार निभाने वाले सुपरस्टार आमिर खान भी बेहद उत्साहित हैं। आमिर खान ने भी कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि की थी कि उन्होंने फिल्म की कहानी का नरेशन सुना है। आमिर के अनुसार, राजू (राजकुमार हिरानी) और अभिजात जोशी '3 इडियट्स 2' पर काम कर रहे हैं। मैंने जो कहानी सुनी है, वह वाकई शानदार और बहुत अनोखी है। हालांकि स्क्रिप्ट पर अभी थोड़ा पैचवर्क बाकी है, लेकिन कहानी में पहली फिल्म जैसा ही गजब का ह्यूमर और इमोशन है।
पुरानी स्टारकास्ट की होगी वापसी
खबरों के अनुसार सीक्वल में मूल तिकड़ी यानी आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी के साथ-साथ पिया के किरदार में करीना कपूर खान की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि चतुर रामलिंगम (ओमी वैद्य) और वायरस (बोमन ईरानी) जैसे लोकप्रिय किरदार इस बार कहानी का हिस्सा होंगे या नहीं, इस पर सस्पेंस बना हुआ है।
