Daily Horoscope
Sun, 22 Nov 2026

Notifications

संगीत दोस्त की तरह है-शुभा

बीबीसी 'एक मुलाकात' में शुभा मुदगल

Last Modified: Wednesday, 1 October 2014 (19:12 IST)

आजकल जो संगीत चल रहा है भारत में, उसके बारे में आपका क्या कहना है। जैसे हिमेश रेशमिया का संगीत?

देखिए अगर किसी कलाकार को सफलता मिलती है तो अच्छा ही है। लेकिन मुझे लगता है कि लोगों की संगीत की समझ कम हो रही है। अगर यही दौर जारी रहा तो लोगों को गले से गाने की जरूरत नहीं रहेगी।

आपका एक गाना है 'अली मोर अँगना... उसके पीछे क्या प्रेरणा थी?
उस गीत को न मैंने तैयार किया न मैंने लिखा। मेरे एक दोस्त हैं जवाहर वातल। जो लोकप्रिय संगीत बनाते हैं। उन्होंने 1996 में मुझसे कहा कि वो कुछ ऐसे गाने बनाना चाहते हैं जो लोकप्रिय संगीत के हों। इन गानों को वो मुझसे गवाना चाहते थे, लेकिन मैं उन दिनों ऐसे गानों के लिए खुद को तैयार नहीं पाती थी।

उन्होंने कहा कि आइए प्रयास करते हैं अगर आपको पसंद आ जाएगा तो ठीक नहीं तो कोई बात नहीं। एक गाना गाया तो बहुत ही चुनौतीपूर्ण काम लगा। मुझे तो तबले, हारमोनियम की आदत थी, लेकिन यहाँ तो मल्टीट्रैक बज रहा था। चुनौती भी थी और मजा भी था। उन्होंने कहा एक और गीत बनाएँ। मैंने कहा बना लीजिए। इस तरह एक अलबम तैयार हो गया। कुछ को पसंद भी आया और कुछ को नहीं भी आया।

लता और आशा में कौन अधिक पसंद है?
दोनों ही पसंद हैं। पहले मैं कोशिश करती थी कि मेरी गायकी में उनकी छटा आ जाए, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। वो इतनी बड़ी गायिका हैं, जो लोगों के अंतरचेतन में जरूर जगह बनाती होंगी। आशाजी का 'मुझे रंग दे, मुझे रंग दे... काफी पसंद है।

आपका रोलमॉडल कौन है?
मुझे लताजी, आशाजी, बेगम अख्तर और सिद्धेश्वरी देवी जैसी बड़ी गायिकाओं से बहुत प्रेरणा मिलती है। इनकी ओरिज‍िनैलिटी मुझसे कहती है कि अपनी आवाज ढूँढो।

क्या अभी भी मेहनत करनी पड़ती है?
जी हाँ। अगर मेहनत नहीं करेंगे तो हमारी आवाज हमको बता देगी कि मेहनत में कमी नहीं होनी चाहिए।

आपको खाने में क्या पसंद है?
मुझे मीठा बहुत पसंद है। इलाहाबाद की इमरती, जलेबी और दूध के तो क्या कहने।


जीवन के वो क्षण जब आप खुद को सातवें आसमान पर पा रही हों?
मेरा बेटा धवल 1984 में पैदा हुआ था, तब मुझे बहुत खुशी हुई थी।

आपका बेटा भी संगीत के क्षेत्र में जा रहा है और आप से अलग तरह का संगीत बना रहा है?
मुझे तो ये बहुत अच्छा लगता है कि वो संगीत को अपना रहा है। ये कहना बहुत ही गलत होगा कि मैं उससे कहूँ कि वो इस तरह का संगीत बनाएँ। मैं इतनी राय उसको जरूर दूँगी कि वो जिस तरह का संगीत बनाए वो अनुशासन में रहकर बनाए। संगीत को अनुशासन में रहकर सीखे।

जिंदगी के सबसे खराब क्षण?
जब मुझसे कोई कहता है कि अरे शुभा तुम तो बहुत मोटी हो गई हो।

कोई ऐसी इच्छा जो आप पूरी करना चाहती हैं?
मुझे गुरुओं से बहुत कुछ सीखने को मिला है। मुझे बहुत अवसर मिले। हमारे यहाँ गुरु-शिष्य परंपरा है। लेकिन आम आदमी तक संगीत पहुँचाना बहुत जरूरी है। मैं उसी दिशा में कुछ काम करना चाहूँगी।



Read more on :  
शुभा मुदगल शास्त्रीय संगीत भारत