Daily Horoscope
Sun, 22 Nov 2026

Notifications

संगीत दोस्त की तरह है-शुभा

बीबीसी 'एक मुलाकात' में शुभा मुदगल

Last Modified: Wednesday, 1 October 2014 (19:12 IST)

एक समय था जब हर घर में लड़कियों को संगीत की तालीम दिलवाई जाती थी। लड़के भी भारतीय संगीत में रुचि लेते थे, लेकिन आज ये रुझान देखने को नहीं मिलता?
ये बहुत ही जटिल सवाल है। इसका सीधा जवाब देना संभव नहीं। हमारे संगीत और कला के प्रति जो पहले श्रद्धा देखने को मिलती थी वो आज देखने को नहीं मिलती। हमारे संगीत का प्रतिनिधि सिर्फ फिल्मी संगीत नहीं है। हमारे यहाँ शास्त्रीय, लोक, धार्मिक और जनजातीय संगीत भी है। हमारे घरों में विभिन्न अवसरों पर औरतें गाना गाया करती थीं। ये सब आज सुनने को नहीं मिलता है। हमारे संगीत की विविधता का गला घोंटा जा रहा है।

हमारे संगीत का गला घोंटा जा रहा है या हमारी संगीत परंपरा ने समय के साथ अपने में बदलाव नहीं लाया?
मैं आपसे एक सवाल पूछती हूँ कि अगर आपके घर में शादी है तो क्या शादी का गाना नहीं गाया जाएगा? जब सेहरा बँधेगा तो सेहरा बँधने का गाना नहीं गाया जाएगा? आप शादी का गाना गाएँगे या काँटा लगा...?

मानिए सेहरे में काँटा लगा हो तो?
अगर सेहरे में इतने काँटे लगे हों तो अजब ही बात होगी। जाहिर-सी बात है कि हर अवसर के लिए कुछ गीत-संगीत होते हैं, उसे गाइए। अगर कृष्ण जन्माष्टमी या ईद हो तो धूम मचा ले...गाने की क्या जरूरत है। उस दिन से जुड़ा कुछ तो गाइए। नेहरू पार्क में जब हम गाते हैं तो हर तरह का आदमी होता है। तो कैसे कह सकते हैं कि संगीत सुनने वाले कम हो रहे हैं। अगर हम आज शास्त्रीय संगीत गा रहे हैं तो हम आज के दौर का शास्त्रीय संगीत गा रहे हैं। इसे पुरातत्व विभाग में भेजने की क्या जरूरत है।

हमारी सोच और परंपराओं में जो परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं उसके लिए आप क्या हिंदी फिल्मों को जिम्मेदार मानती हैं?
हिंदी फिल्मों को क्यों दोष दें। उनका अच्छा समय चल रहा है। आज भी अच्छा संगीत सुनने वाले लोग हैं। अगर वो अच्छा संगीत सुनना चाहते हैं तो आवाज क्यों नहीं उठाते। क्योंकि आज तो ये सुविधा भी है कि आप एसएमएस से ये बता सकते हैं कि आपको कार्यक्रम अच्छा लगा कि नहीं। आप बता सकते हैं आप कौन सा गीत सुनना चाहते हैं। अगर आप ये एसएमएस कर सकते हैं एक फ़िल्म के किसिंग सीन पर आपकी राय क्या है तो ये संदेश क्यों नहीं भेजते कि आपको ये गाना सुनना है। अगर आवाज नहीं उठाएँगे तो दूसरे तो अपनी मनमानी करते रहेंगे।

रीमिक्स ट्रेंड के बारे में आपका क्या कहना है?
देखिए मैं तो संगीत की दृष्टि से ही बात कर सकती हूँ। अगर किसी गाने का रीमिक्स बनाया जा रहा है, उसे पुनर्जीवन दिया जा रहा है तो पहले ये बताइए कि किस कंपोजर ने सबसे पहले इस गाने को तैयार किया था। उस कंपोजर की सांगीतिक सोच को खत्म करना मुझे लगता है सही नहीं है। दूसरी बात ये है कि ये भी पता लगना चाहिए कि आप क्या नया लाए। अगर आपने तबला और ढोलक हटा दिया और ड्रम और की-बोर्ड्स ले आए तो लोगों तक आपका ये मैसेज जा रहा है कि तबला और ढोलक पुराना है, इसे फेंक दो। ये तर्क मुझे समझ नहीं आता।

आज दुनिया में भारत के सबसे जाने-माने संगीतकार एआर रहमान तो पश्चिमी वाद्य यंत्रों और तकनीकी का इस्तमाल करके संगीत तैयार करते हैं?
लेकिन अगर आप देखें तो वो पारंपरिक यंत्रों का भी पूरा इस्तमाल करते हैं। आपको उनके पास ढोल, मंजीरा, घंटी, इकतारा भी मिलेगा। लोक संगीत परंपरा की झलक भी मिलेगी। ऐसे लोग भी हैं जो परंपरा और आधुनिकता का खूबसूरत मेल कर रहे हैं। ये संगीत का एक प्रकार है। इसमें आप मिश्रण कर सकते हैं। आपको पसंद आए तो सुनिए नहीं तो न सुनिए। इस तरह के संगीत को अच्छा-बुरा कहने की क्या जरूरत है। और भारतीय फिल्मों में ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। लंबे समय से पश्चिमी और भारतीय वाद्य यंत्रों का एक साथ इस्तेमाल होता आ रहा है। लेकिन भारतीय संगीत की विविधता को किसी तरह का नुकसान नहीं होना चाहिए।

आप से कहा जाए कि पुराने गाने को रीमिक्स करके गाइए तो आप कौन-सा गाना रीमिक्स करेंगी?
मैं तो रोज ही करती हूँ। मैं शास्त्रीय संगीत की पुरानी बंदिशों को रोज नया करके गाती हूँ। कोई गीत लेकर उसे नया जामा पहनाना तो हमेशा हमारी परंपरा में रहा है।

कोई ऐसा गाना जिसका रीमिक्स सुनकर लगा कि ये बनना ही नहीं चाहिए था। लगा हो जैसे गाने की हत्या हो गई?
कभी आर कभी पार...वो कभी नहीं होना चाहिए था।

अगर कोई सूफी संगीत का गाना आप सुनना पसंद करें तो कौन-सा बताएँगी?
मैं सूफी गाने सुनती हूँ। अभी एक-दो साल पहले रब्बी शेरगिल ने अपने सूफी गानों से बहुत धूम मचाई थी। अच्छा लगा कि अपनी तरह के संगीत में अपनी आवाज को लोगों तक पहुँचाने की हिम्मत किसी ने की। लोगों ने पसंद भी किया। उसी का गाना सुना दीजिए।

आप स्पिक मैके के कार्यक्रमों में भी जाती हैं। आपको क्या लगता है कि आज का युवा किस तरह का संगीत पसंद कर रहा है?
ये कहना मुश्किल है कि कोई एक तबका किस तरह का संगीत पसंद कर रहा है। एक तरफ देखने में आता है कि युवाओं को पारंपरिक संगीत में कोई रुचि नहीं है। वहीं ये भी देखने को मिलता है कि संगीत के संस्थानों में संगीत सीखने के लिए युवाओं का ताँता लगा रहता है।

कुछ लोग आपकी आलोचना करते हैं कि आप पारंपरिक संगीत से पॉप संगीत की ओर गई हैं। आपका क्या कहना है?
देखिए आलोचक बहुत अच्छे होते हैं और आलोचना से डरना नहीं चाहिए। वैसे कहीं मैंने अपनी आलोचना नहीं सुनी है। अगर कोई पब्लिक डिबेट हो तो शायद ही कोई कलाकार कहे कि मैंने लोकप्रिय संगीत गाया हो। लेकिन ये जरूर है कि मुझसे पहले जो संगीत के पंडित और विद्वान हुए हैं, उन सबने ऐसा किया हुआ है।

आपने कभी अपनी इमेज बनाने के बारे में सोचा है?
नहीं मैंने कभी ऐसा नहीं सोचा। जब मैं शास्त्रीय संगीत गाती हूँ या पॉप संगीत गाती हूँ तो दोनों समय एक सी नजर आती हूँ। विदेश में भी ऐसे ही रहती हूँ।

आप इलाहाबाद की हैं, कभी अमिताभ बच्चन से मुलाकात हुई है?
अमिताभ बच्चन से मुलाकात तो नहीं हुई है, लेकिन जब राजकमल प्रकाशन ने उनके पिताजी का काव्य-संग्रह निकाला था तो मैंने गाना गाया था। तब मैं नई-नई ही दिल्ली आई थी।

आपका बचपन कैसा था?
बहुत ही मजेदार। हम अपने माँ-पिताजी के साथ संगीत समारोह में घूमने जाते थे। पहाड़ों पर जाते थे। मुझे फिल्में देखने का बहुत शौक था। मेरे दोस्त शर्त लगाते थे कि मैं फिल्म देखने के दौरान ही एक गीत याद करूँ और अधिकतर मैं शर्त जीत जाया करती थी।

कौन-सी फिल्में पसंद थीं?
मुझे याद है कि एक बार हम स्कूल से भागकर 'अभिमान' फिल्म देखने गए थे। बहुत ही बेहतरीन फिल्म थी। इस फिल्म के लिए स्कूल से भागना ठीक था।



Read more on :  
शुभा मुदगल शास्त्रीय संगीत भारत