Daily Horoscope
Sun, 22 Nov 2026

Notifications

संगीत दोस्त की तरह है-शुभा

बीबीसी 'एक मुलाकात' में शुभा मुदगल

Last Modified: Wednesday, 1 October 2014 (19:12 IST)

Shubha Mudgal
BBCBBC
मशहूर गायिका शुभा मुदगल, जिन्होंने शास्त्रीय संगीत और लोकप्रिय संगीत का अद्भुत मेल करने की कोशिश की है। शुभा मुदगल शास्त्रीय संगीत सुनने वालों और लोकप्रिय संगीत के दीवाने युवाओं के बीच बहुत लोकप्रिय हैं।

आपको शास्त्रीय संगीत में रुचि कब और कैसे पैदा हुई और आपने इसकी शिक्षा कहाँ से ली?
मेरे माता-पिता ने संगीत की तालीम ली थी। उन्हें कला, संगीत और रंगमंच में गहरी रुचि थी। वैसे वे संगीत से पेशेवर तरीके से नहीं जुड़े थे, लेकिन उनकी संगीत के प्रति गहरी श्रद्धा थी। मेरे माता-पिता इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अँग्रेजी पढ़ाते थे। तो मुझे और मेरी बहन को घर में संगीत सीखने-जानने का भरपूर मौका मिला।

आपको सबसे अच्छे लेखक कौन-से लगते थे और घर में किसकी बातें सबसे अधिक हुआ करती थीं?
मेरे पिताजी को जोनाथन स्विफ्ट बहुत पसंद थे। स्विफ्ट खुद भी पढ़ाते थे। शेक्सपियर और मिल्टन भी पढ़ाए जाते थे। सिल्विया पैथ की भी बातें हुआ करती थीं।

आप इलाहाबाद में बड़ी हुईं तो क्या आपको बचपन में इलाहाबाद के बड़े-बड़े साहित्यकारों के साथ मिलने, रहने और बात करने का मौका मिला?
जी हाँ। ये मेरा सौभाग्य है कि साहित्य की महान विभूतियों को पास से देखने और मिलने का मौका मुझे मिला। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पास बैंक रोड इलाके में हम रहा करते थे। हमारे घर के बगल वाला घर ही फिराक गोरखपुरी साहब का था। एक दिन घर के दरवाजे पर घंटी बजी और देखा फिराक साहब गेट पर खड़े हैं। महादेवी वर्मा से मुलाकात हुई। सुमित्रा नंदन पंत मेरे माँ के परिवार के निकट थे। वो भी बहुत प्यार से मिला करते थे।

क्या आपको शुरू से लगता था कि आप ललित कला में जाएँगी और संगीत सीखेंगी। इनमें से कोई आपका आदर्श था?
ये सोचा ही नहीं था कि कभी गाना सीखूँगी और कलाकार बन पाऊँगी। घर में हमेशा ये बताया गया कि संगीत और कविता को समझने की कोशिश करनी चाहिए। जब मैं संगीत सीख रही थी तो कभी नहीं कहा गया कि मुझे कलाकार ही बनना है और मंच से कार्यक्रम ही पेश करना है। घर से ऐसा कोई दबाव नहीं था।

अगर उस समय 'इंडियन आइडल' जैसी प्रतिस्पर्धाएँ हो रही होतीं तो आप जरूर जीत जातीं?
अगर ऐसे कार्यक्रमों में मैं हिस्सा लेती तो मुझे घर पर बैठा दिया जाता और संगीत नहीं सीख पाती।

वो कौन-सा दौर था जब आपने यह तय किया कि आपको संगीत में ही अपना कॅरियर बनाना है?
जब मैंने बीए पास किया तो मेरी माँ ने मुझसे कहा कि मेरे अंदर संगीत का जुनून है। मुझे संगीत में ही अपना कॅरियर बनाने के लिए कोशिश करना चाहिए। ये आवश्यक नहीं कि सबकी तरह मैं बीए, एमए और पीएचडी की पढ़ाई करूँ। उन्होंने कहा कि मैं एक साल तक संगीत की विधिवत शिक्षा लूँ और अगर लगता है तो उसे ज़ारी रखूँ। मैंने एक महीने में ही तय कर लिया कि मैं संगीत सीखूँगी और जमकर संगीत का अभ्यास करने लगी। मेरी सुबह और शाम संगीत सीखने में ही गुजरने लगी। लेकिन तब भी तय नहीं था कि मैं संगीत को ही अपना कॅरियर बनाऊँगी।

पसंद के गीत बताइए?
'डोर' फिल्म का एक गाना- ये हौसला कैसे मिले..., राहत फतेह अली खान का 'जिया धड़क-धड़क जाए...

आपके लिए संगीत क्या है?
संगीत मेरे दोस्त की तरह है, जिससे मेरा झगड़ा भी हो जाता है। कभी निराशा भी मिलती है। ये ऐसी यात्रा है जिसमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। संगीत एक ऐसी धनी भाषा है जिसमें आप अपनी बात को कई तरीके से कह सकते हैं। मुझे तो लगता है कि मेरे लिए तो यही भाषा ही सबसे उपयुक्त है।

तो किस-किस तरीके से संगीत में आप अपनी बात कह सकती हैं?
आप इस कार्यक्रम में फिल्मी गाने अधिक चलाते हैं। लोग अक्सर कहते हैं कि ये हैप्पी सांग है या सैड सांग है। जैसे दोनों में कोई फर्क होता ही नहीं है। एक ही बात को कहने के कई अंदाज होते हैं। संगीत में पूरी रेंज है, जिसे आप इस्तेमाल कर सकते हैं।

आपके पसंदीदा शेड्स कौन-से हैं?
संगीत की मेरी तालीम भारतीय शास्त्रीय संगीत की विधाओं खयाल गायकी और ठुमरी-दादरा में है और चल भी रही है। जैसे मातृभाषा बोलने में आसानी होती है वैसे ही मुझे खयाल और ठुमरी-दादरा में भी आसानी होती है। मुझे कव्वाली, गजल और फिल्मी संगीत पसंद है। सिर्फ भारतीय ही नहीं बल्कि मैं दूसरे देशों और प्रांतों का संगीत भी पसंद करती हूँ। मैं संगीत की विद्यार्थी हूँ। हर तरह का संगीत एक बार जरूर सुन लूँगी, लेकिन मेरी अपनी प्राथमिकताएँ भी हैं।



Read more on :  
शुभा मुदगल शास्त्रीय संगीत भारत