लंदन में काँसे की बनी एक आदमकद मूर्ति की नीलामी ने विश्व रिकॉर्ड बना डाला है। ये मूर्ति साढ़े छह करोड़ पाउंड में नीलाम हुई है। लंदन के प्रतिष्ठित नीलामघर सोदेबीज में ये बोली केवल आठ मिनट में पूरी हो गई।
इस मूर्ति को एक अज्ञात व्यक्ति ने खरीदा जिसने फोन पर बोली लगाई। ये मूर्ति स्विट्जरलैंड के एक शिल्पकार जाकोमेटी की है जो 20वीं शताब्दी के एक बहुत बड़े शिल्पकार माने जाते हैं।
इससे पूर्व सबसे बड़ी नीलामी का रिकॉर्ड पाब्लो पिकासो की एक कृति की नीलामी का था जब 2004 में उनकी एक कृति पाँच करोड़ 85 लाख पाउंड में बिकी थी।
वैसे निजी तौर पर हुई खरीद में कृतियाँ और भी अधिक कीमतों पर बिकी हैं। 2006 में जैक्सन पोलॉक की एक कृति सात करोड़ 30 लाख पाउंड में बिकी थी।
बोली : बोली एक करोड़ 20 लाख पाउंड से शुरू हुई और अनुमान ये लगाया जा रहा था कि इसकी कीमत एक करोड़ 20 लाख से एक करोड़ 80 के बीच बैठ सकती है।
मगर बोली के दौरान 10 से अधिक लोगों के बीच होड़ लग गई और आखिरकार एक अज्ञात व्यक्ति ने पाँच करोड़ 80 लाख पाउंड की बोली लगाई। मगर प्रीमियम को मिलाकर इस कृति की कीमत साढ़े छह करोड़ पाउंड बैठती है।
द आर्ट न्यूजपेपर की संपादक जॉर्जिन ऐडम कहती हैं कि मूर्ति का मूल्य इतना अधिक इसलिए है क्यों जाकोमेटी की बहुत कम मूर्तियाँ उपलब्ध हैं और उनकी नीलामी होना बड़ा ही दुर्लभ है।
उन्होंने बीबीसी से कहा, 'असाधारण चीजों के लिए असाधारण तरह का बाजार होता है।' सोदेबी में हुई नीलामी के दौरान और भी कई कलाकृतियाँ ऊँचे दामों पर नीलाम हुईं।