मंगलवार, 30 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. बीबीसी हिंदी
  3. बीबीसी समाचार
  4. modi_temple_in_up
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 29 मई 2015 (12:49 IST)

मोदी का मंदिर बनाने पर अड़ा 'भक्त'

मोदी का मंदिर बनाने पर अड़ा 'भक्त' - modi_temple_in_up
- अतुल चंद्रा (लखनऊ से)
 
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद निवासी पुष्पराज सिंह यादव जिले के जलालपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंदिर बनवा रहे हैं। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तरह की खबरों के प्रति नाराजगी जता चुके हैं। इसके बाद गुजरात के राजकोट में उनके नाम पर बन रहे मंदिर का निर्माण कार्य रोक दिया गया था।
पुष्पराज ने गत 21 मार्च को मंदिर का शिलान्यास किया था। लेकिन भाजपा के विरोध के बाद जिला प्रशासन ने मंदिर का निमार्ण कार्य रुकवा दिया। मोदी सरकार के एक साल पूरे होने पर पुष्पराज ने एक बार फिर मंदिर निर्माण का काम शुरू कर दिया है।
 
उनका कहना है कि मंदिर अक्टूबर में बनकर तैयार हो जाएगा और नवरात्रि के पहले दिन श्रीकृष्ण और नरेंद्र मोदी की मूर्तियां मंदिर में स्थापित की जाएंगी।
 
श्रीकृष्ण और मोदी साथ-साथ : इस मंदिर के निर्माण पर करीब एक करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। पुष्पराज ने मंदिर के लिए अपनी जमीन दी है। स्थानीय व्यापारियों और किसानों ने उन्हें करीब 10 लाख रुपए का चंदा दिया है। वहीं कुछ लोग सरिया, सीमेंट, बालू और ईंट देकर मंदिर के निर्माण में मदद कर रहे हैं।
 
पुष्पराज ने बीबीसी को बताया, 'मंदिर का कोई नक्शा नहीं बनवाया गया है। इसमें ढाई-ढाई फुट की संगमरमर की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।' उन्होंने बताया कि ये मूर्तियां फाफामऊ में बन रही हैं। एक मूर्ति की कीमत 25 हजार रुपए है।
 
पुष्पराज सिंह पहले समाजवादी पार्टी के यूथ ब्रिगेड में थे, अब वो भाजपा में हैं। नरेंद्र मोदी के अच्छे कामों की वजह से वो उन्हें भगवान की तरह मानते हैं। सपा से पहले वो उत्तर प्रदेश के शराब व्यवसायी डीपी यादव की पार्टी परिवर्तन दल के टिकट पर 2002 और 2007 का विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं, जिनमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा,'हम उन्हें समझाने की कोशिश करेंगे कि जिस काम को मोदीजी पसंद नहीं करते हैं उसे वो न करें।'