Last Modified: कंधार ,
बुधवार, 23 अक्टूबर 2013 (19:55 IST)
अफगान प्रेमियों का सिर कटा शव मिला
FILE
कंधार। कट्टरपंथी दक्षिण अफगानिस्तान में विवाह से इतर प्रेम करने वाले प्रेमी जोड़े का सिर कटा शव मिला है। मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि दक्षिण प्रांत हेलमंद में हुई दोनों हत्याओं के पीछे लड़की के रिश्तेदारों का हाथ है। लड़की की उम्र करीब 20 वर्ष आंकी गई है। हेलमंद प्रांत तालिबान उग्रवाद का गढ़ है।
लड़के के भाई ने अधिकारियों को बताया कि हाल ही में लड़की भाग कर उनके घर आ गई थी और उन्हीं के साथ रह रही थी। पुलिस अधिकारी मोहम्मद इस्माइल होताक ने एएफपी को बताया कि प्रांतीय राजधानी लश्कर गह के निकट स्थित उनके घर में सोमवार को 10 लोग जबरन घुस आए और प्रेमी जोड़े का अपहरण कर लिया।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को स्थानीय लोगों ने सूचित किया कि कब्रिस्तान में दो शव पड़े हुए हैं। हमने वहां जाकर दोनों शव बरामद किए। दोनों के सिर धड़ से अलग कर दिए गए थे। उन्होंने बताया कि हमारी जांच से पता चला है कि दोनों में प्रेम संबंध थे। हमारा मानना है कि हत्याओं के पीछे लड़के के परिवार और रिश्तेदारों का हाथ है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक के भाई ने बताया कि उनका भाई लड़की से प्रेम करता था और विवाह करना चाहता था। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता उमर जवाक ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि इसकी जांच चल रही है।
अफगानिस्तान में वैवाहिक संबंध के अलावा प्रेम संबंध को हराम माना जाता है। ज्यादातर विवाह परिवार के बड़े तय करते हैं और उसमें भी जोड़े की कोई राय नहीं ली जाती। (भाषा)