शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: वॉशिंगटन , शुक्रवार, 1 अप्रैल 2011 (10:43 IST)

भारतीय कंपनियों ने बचाई नौकरियाँ

भारतीय कंपनियों ने बचाई नौकरियाँ -
भारतीय कंपनियों ने पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका में हजारों नौकरियाँ बचाई क्योंकि इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों को रोजगार देना जारी रखा।

भारतीय उद्योग परिसंघ ने एक रिपोर्ट में यह खुलासा किया है। इस रिपोर्ट 'इंडियन रूट्स, अमेरिकन सोल : ए लुक एट इंडियन कंपनीज इन द यूएस इकानामी' में अमेरिका में भारतीय कंपनियों द्वारा निवेश तथा रोजगार पर प्रकाश डाला गया है।

यह रिपोर्ट सीआईआई- इंडिया बिजनेस फोरम की 35 सदस्य कंपनियों के सर्वेक्षण पर आधारित है। इसके अनुसार 2005 के बाद से लगभग तिहाई भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में अपने परिचालन में नई भर्तियाँ की।

रिपोर्ट में कहा गया है कि ये 35 कंपनियाँ अमेरिका के 40 राज्यों तथा कोलंबिया जिले में कुल मिलाकर 60,000 से अधिक लोगों को रोजगार दे रही हैं और इन कंपनियों के 80 प्रतिशत कर्मचारी स्थानीय हैं।

रिपोर्ट के अनुसार इन कंपनियों में कार्यरत अधिकांश कर्मचारी अमेरिकी नागरिक हैं। भारतीय कंपनियों ने 2005 के बाद अमेरिकी कंपनियों के अधिग्रहण से 2,585 रोजगार बचाए हैं। (भाषा)