शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर

जब बॉलीवुड स्टार्स ने जड़े घूंसे और तमाचे

जब बॉलीवुड स्टार्स ने जड़े घूंसे और तमाचे -

बॉलीवुड के कई स्टार्स रियल लाइफ में भी हीरोगिरी दिखाते हुए लोगों के साथ उलझ चुके हैं और हाथ भी उठा चुके हैं। हर बार इनकी गलती हो ऐसा भी नहीं है। सैलिब्रिटी होने की कीमत भी इन्हें चुकानी पड़ती है। कई बार प्रशंसक बदतमीजी करते हैं तो कई बार कुछ पत्रकार तीखा सवाल पूछते हैं या इनके मना करने के बावजूद फोटो खींचते हैं। इससे ये उत्तेजित हो जाते हैं। कुछ घटनाएं ऐसी भी घटी हैं जब ये आपस में ही उलझ लिए। पेश है वो प्रमुख घटनाएं जब इन स्टारों ने घूंसे जमाएं, तमाचे मारे और गिरेबां पकड़ लिया।

PR


शाहरुख बनाम शिरीष
यह खबर अब तक ठंडी नहीं हुई है। कुछ दिनों पहले शाहरुख खान और शिरीष कुंदर, संजय दत्त की पार्टी में भिड़ लिए। शिरीष ने शाहरुख की फिल्म ‘रा.वन’ को लेकर खूब मजाक उड़ाया था। पार्टी में भी बाज नहीं आए तो शाहरुख ने उन्हें ‘वन टाइट स्लेप’ का डोज दे डाला।

विवेक बनाम पत्रकार
कुछ दिन पहले मथुरा में विवेक ओबेरॉय ने एक पत्रकार का गला पकड़ लिया। चुनाव प्रचार के लिए गए विवेक से उसने एक तीखा सवाल पूछ लिया। सवाल से विवेक ऐसे तिलमिलाए की आपा खो बैठे।

धर्मेन्द्र बनाम राजकुमार
गरम धरम के तमाचे का स्वाद कई लोग चख चुके हैं। हद तो तब हो गई जब एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म इंडस्ट्री के दो दिग्गज कलाकारों में मारपीट होते-होते बची। एक शो के दौरान राजकुमार अपनी आदत से बाज नहीं आए। धर्मेन्द्र के साइज की परवाह किए बगैर उन्होंने तीखा कमेंट धरम पर कर डाला। धरम पाजी की खोपड़ी सटक गई। वे राजकुमार को मारने के लिए दौड़े। शुक्र है कि उपस्थित लोगों ने राजकुमार को कहीं छिपा दिया वरना उस दिन जानी का बाजा बज सकता था।

सनी देओल बनाम पत्रकार
बाप से भला बेटा कैसे पीछे रह सकता है। सनी देओल भी जल्दी गरम हो जाते हैं। डिंपल के साथ उनका रोमांस चल रहा था। सेट पर दोनों बैठे हुए थे। एक पत्रकार ने सनी के मना करने के बावजूद दोनों की फोटो खींच ली। गुस्साए सनी ने उसका कैमरा ही फोड़ डाला।

सलमान बनाम प्रशंसक
सलमान का दिमाग अपने प्रिय हीरो धर्मेन्द्र की तरह जल्दी गरम हो जाता है। लभगग दो वर्ष पहले अनिल कपूर के घर वे पार्टी में हिस्सा लेने जा रहे थे कि उनका फैन जाने कहां से कूदकर एकदम सल्लू के सामने आ गया। सल्लू ने उससे हाथ मिला लिया, लेकिन उसके इरादे तो कुछ और ही थे। उसने सलमान को किस कर लिया। बदले में सलमान ने उसे झन्नाटेदार थप्पड़ रसीद दिया।

गोविंदा बनाम अजनबी
अपनी फिल्मों में कॉमेडी करने वाले गोविंदा रियल लाइफ में एक्शन हीरो बन गए। ‘मनी है तो हनी है’ के सेट पर उन्होंने एक अजनबी को उनके तथा अन्य महिलाओं के साथ बदतमीजी करते देखा। बात जब आगे बढ़ गई तो गोविंदा आपा खो बैठे और उन्होंने उस अजनबी के गालों पर अपनी अंगुलियों के निशान बना दिए।

सलमान बनाम रणबीर
बात तब की है जब रणबीर कपूर फिल्मों में नहीं आए थे। पब में पार्टी कर रहे थे। सलमान खान भी वहां मौजूद थे। वे नहीं पहचानते थे कि यह लड़का कपूर खानदान का चिराग है। दोनों में विवाद हो गया और रणबीर को सलमान ने तमाचा जड़ दिया। अगले दिन डैड सलीम खान ने सलमान की क्लास ले डाली तो सल्लू ने रणबीर के घर जाकर उनसे माफी मांगी।

फरदीन खान बनाम बहन का बॉयफ्रेंड
वर्ष 2009 में फैमिली की पार्टी चल रही थी। फरदीन खान की बहन लैला खान अपने बॉयफ्रेंड फरहान फर्नीचरवाला के साथ आईं। बहन के बॉयफ्रेंड को देख यूं भी भाई बैचेन हो जाता है। फरदीन तो फरहान को वैसे भी पसंद नहीं करते थे। जरा सी कहासुनी हुई और फरदीन ने अपने होने वाले जीजा पर ही हाथ चला दिए।

शिल्पा शेट्टी बनाम प्रशंसक
हीरोइनों को भी अक्सर बदतमीजी का शिकार होना पड़ता है। ऐसा ही एक वाकया शिल्पा शेट्टी के साथ हुआ। एक प्रशंसक ने उनके कुछ ज्यादा ही नजदीक आने की कोशिश की तो शिल्पा ने तड़ाक से तमाचा उसके गाल पर जमा दिया।

सैफ बनाम इकबाल
आखिर में ताजी घटना। होटल में सैफ और इकबाल की टेबल पास-पास थी। सैफ एंड कंपनी शोर मचा रही थी। इकबाल ने यह बात मैनेजर को बताई और मैनेजर ने सैफ को। सैफ नहीं माने तो इकबाल ने दूसरी टेबल पर बैठने का फैसला लिया। कहासुनी हुई तो सैफ ने इकबाल और उनके ससुर को घूंसा जड़ दिया। दूसरी ओर सैफ का कहना है कि हाथापाई की शुरुआत इकबाल ने की। उन्होंने तो अपनी रक्षा के लिए हाथ उठाए।