मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. 10वां विश्व हिन्दी सम्मेलन
  3. समाचार
  4. World Hindi Conference
Written By
Last Updated :भोपाल , गुरुवार, 10 सितम्बर 2015 (22:29 IST)

विश्व हिन्दी सम्मेलन में 'वेबदुनिया' की महती भागीदारी

विश्व हिन्दी सम्मेलन में 'वेबदुनिया' की महती भागीदारी - World Hindi Conference
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज से प्रारंभ हुए तीन दिवसीय 10वें विश्व हिन्दी सम्मेलन में दुनिया के पहले हिन्दी पोर्टल 'वेबदुनिया' भी अपनी महती भागीदारी निभा रहा है। यहां 'वेबदुनिया' के स्टॉल पर लगी प्रदर्शनी स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश के मेहमानों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्रियों से लेकर ख्यात साहित्यकारों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। 
आज वेबदुनिया की प्रदर्शनी देखने और वहां पर जानकारियां प्राप्त करने वालों में प्रमुख रहे केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला और जनसत्ता के पूर्व संपादक व वरिष्ठ साहित्यकार राहुल देव। इनके अतिरिक्त बड़ी संख्या में युवाओं ने हिन्दी को बढ़ावा देने के लिए की जा रही आधुनिक तकनीक की जानकारी ली। 
 
विश्व हिन्दी सम्मेलन की महत्ता को देखते हुए वेबदुनिया ने अपनी पूरी टीम लगा रखी है जो देशी-विदेशी मेहमानों को छोटी से छोटी जानकारी उपलब्ध करवा रही है। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन के साथ अन्य विशिष्ट मेहमानों ने आज वेबदुनिया के स्टॉल पर काफी वक्त बिताया और वे उपलब्ध जानकारियों से काफी प्रभावित हुए। आज स्टॉल पर सेल्फी लेने वालों की भी होड़ सी मची रही। 
 
विश्व हिन्दी सम्मलेन प्रारंभ होने के पूर्व ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ विदेश राज्यमंत्री तथा पूर्व जनरल वीके सिंह, मुख्‍यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, राज्यसभा सांसद अनिल माधव दवे, मप्र के कैबिनेट मंत्री नरोत्तम मिश्र, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति बीके कुठियाला ने भी 'वेबदुनिया' की प्रदर्शनी का अवलोकन किया था। 
 
भारतीय भाषाओं में सूचना प्रौद्योगिकी के लिए काम करने वाली कंपनी 'वेबदुनिया' की इस स्टॉल में लगाई गई प्रदर्शनी लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है। पहले खंड में 'इंटरनेट पर हिन्दी की विकास यात्रा' में इंटरनेट के भारत में आगमन से लेकर अब इंटरनेट पर हिन्दी को लेकर हुए कामों की एक झलक प्रस्तुत की गई है। 
 
इस खंड में इंटरनेट पर हिन्दी में हो रहे कामों की जानकारी दी जा रही है। दूसरा खंड 'कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी' सूचना प्रौद्योगिकी में हिन्दी को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। सनद रहे कि वेबदुनिया की ओर से विश्व हिन्दी सम्मेलन के अवसर पर 'सूचना प्रौद्योगिकी में हिन्दी : जानें, समझें, सीखें' विषय-वस्तु के साथ प्रदर्शनी लगाई गई है।
 
उल्लेखनीय है कि लोग कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी न होने के कारण उनका उपयोग नहीं कर पाते। या यदि जानकारी होती भी है तो वे उनका उपयोग करने में हिचकिचाते हैं या कठिन मानते हैं। वेबदुनिया के इस स्टॉल पर न केवल अतिथियों को कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी में अब तक हुए कामों की जानकारी दी जा रही है, बल्कि एक सामान्य उपयोगकर्ता के लिए हिन्दी के सभी उपयोगी उपकरणों और सुविधाओं के बारे में बताया जा रहा है। 
 
वेबदुनिया के स्टॉल पर एक अभ्यास खंड भी तैयार किया गया है जिसमें अतिथियों को कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी सक्षम करना और टाइप करना सिखाया जा रहा है। मौजूद विशेषज्ञों की सहायता से अतिथि अपने कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी इंटरफेस और हिन्दी टाइपिंग सक्षम करवा सकते हैं। हिन्दी कंप्यूटिंग से जुड़ी उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञ कर रहे हैं।