1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. ayodhya-cantt-fake-army-soldier-arrested-by-mi-and-grp

मिलिट्री इंटेलिजेंस और GRP की संयुक्त कार्रवाई में अयोध्या में सेना का फर्जी हवलदार गिरफ्तार

अयोध्या न्यूज
Fake Army Soldier Arrested from Ayodhya: अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से सेना की वर्दी पहनकर घूम रहे एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया गया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की इस संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के पास से सेना की वर्दी, जाली आईडी और कई बैंकों के एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं।

खुफिया इनपुट पर हुई त्वरित कार्रवाई

मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ की अयोध्या इकाई को पिछले काफी दिनों से इनपुट मिल रहे थे कि अयोध्या और उसके आसपास के जिलों में सेना का एक संदिग्ध हवलदार सक्रिय है। यह शख्स खुद को आर्टिलरी (Artillery) का अधिकारी और डोगरा रेजिमेंट में कैंटीन इंचार्ज बताता था।

संदेह की वजह

वह सेना की अलग-अलग वर्दियां पहनकर अक्सर ट्रेनों में यात्रा करता था और रेलवे स्टेशन व कैंट एरिया के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता पाया जाता था। संदेह गहराने पर मिलिट्री इंटेलिजेंस की अयोध्या टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। सूचना संकलन, साक्ष्यों और टेक्निकल डाटा (Technical Data) के विश्लेषण के बाद टीम ने पुष्टि की कि यह व्यक्ति सेना में नहीं है, बल्कि एक फर्जी सैनिक है, जो सेना की गरिमा और वर्दी का गलत इस्तेमाल कर रहा है।

स्टेशन पर घेराबंदी कर रंगे हाथों दबोचा

जब आरोपी सेना की वर्दी में अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर मौजूद था, तभी मिलिट्री इंटेलिजेंस ने राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) अयोध्या को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी (SHO) अनिल प्रकाश सिंह तत्काल अपनी टीम के साथ एक्शन में आए। पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन पर चारों तरफ से घेराबंदी कर इस फर्जी अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

असली बनाम नकली पहचान

पूछताछ और तलाशी के दौरान इस जालसाज की दोहरी पहचान का खुलासा हुआ। आरोपी खुद को करण यादव पिता उदयभान सिंह यादव बताता था, जबकि उसका असली नाम सुरेन्द्र निषाद पिता शारदा निषाद है, जो कि ग्राम गहमर, जिला गाजीपुर का रहने वाला है। उसके पास से करन यादव के नाम का एक जाली आधार कार्ड भी बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल वह अपनी नकली पहचान छिपाने के लिए कर रहा था।
 
पुलिस ने आरोपी के पास से देश की सुरक्षा और सेना से जुड़े कई संवेदनशील सामान बरामद किए हैं। इसके पास से सेना की वर्दी (यूनिफॉर्म), सेना के आधिकारिक सिंबल जैसे नेम प्लेट और रिबन, फर्जी सैन्य परिचय पत्र (ID Cards) और विभिन्न बैंकों के एटीएम (ATM) कार्ड जब्त किए हैं। जीआरपी ने आरोपी सुरेंद्र निषाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस मामले में आगे की कानूनी और खुफिया जांच जारी है।
लेखक के बारे में
संदीप श्रीवास्तव
संदीप श्रीवास्तव करीब 25 वर्ष से ज्यादा समय से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वेबदुनिया के लिए उत्तर प्रदेश में स्ट्रिंगर के रूप में कार्य करते हैं। .... और पढ़ें