sundarkand
Thu, 22 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. विधानसभा चुनाव 2017
  3. उत्तरप्रदेश
  4. Uttar Pradesh assembly election 2017, Virendra Singh, BJP

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भाजपा ने कसा तंज...

Uttar Pradesh assembly election 2017
नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर तंज कसते हुए भाजपा के एक वरिष्ठ सदस्य ने सोमवार को कहा कि दोनों पर यह गाना एकदम सही फिट होता है कि 'हम तुम किसी को नजर नहीं आएं, चल दरिया में डूब जाएं।' लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए भाजपा के वीरेन्द्र सिंह ने सपा और कांग्रेस के साथ ही बहुजन समाज पार्टी पर भी करारा व्यंग्य किया।
 
उन्होंने कहा कि वे  पिछले दिनों लखनऊ में थे तो वहां 2 युवकों को उन्होंने हाथ हिला-हिलाकर लोगों का अभिवादन करते देखा। उन्होंने कहा कि मैंने कभी कोई फिल्म नहीं देखी थी तो मुझे लगा कि यह किसी फिल्म की शूटिंग हो रही है।
 
सिंह ने कहा कि उन्हें फिल्म देखना कभी भी पसंद नहीं रहा और इसके लिए उन्होंने समीप की सीट पर बैठी भाजपा सदस्य और फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी से भी कहा कि वह उनकी बात को अन्यथा न लें।
 
वीरेन्द्र सिंह ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि ऐसा लग रहा था कि ये दोनों युवक हवा में हाथ हिला-हिलाकर कह रहे हैं कि हम तुम किसी को नजर नहीं आएं , चल दरिया में डूब जाएं। 
 
उन्होंने अखिलेश को यहीं नहीं छोड़ा बल्कि 'आल्हा उदल' का उदाहरण देते हुए कहा कि कहा गया है कि बाप के दुश्मन से बदला नहीं लेने वाला पुत्र धिक्कार के योग्य है लेकिन उत्तर प्रदेश में तो एक पुत्र ने बाप के दुश्मनों के साथ ही हाथ मिला लिया है। 
 
वीरेन्द्र सिंह ने बसपा पर भी व्यंग्य कसते हुए कहा कि नोटबंदी के बाद लखनऊ में लगने वाला हाथी का मेला अब उजड़ गया है जिसमें टिकटों की बोली लगती थी। उनके इस चुटीले अंदाज पर सदन में ठहाके गूंजे और सदन में बैठे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मुस्कुराते देखे गए। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
अब वीडियो के जरिए धमकी दे रहे हैं कश्मीरी आतंकवादी