• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
  6. FIFA WORLD CUP News
Written By भाषा
Last Modified: डरबन , शुक्रवार, 25 जून 2010 (22:59 IST)

ब्राजील-पुर्तगाल का नीरस ड्रॉ

दोनों ही टीमों ने नाकआउट दौर में स्थान बनाया

FIFA WORLD CUP 2010 | FIFA WORLD CUP News | FIFA Football WORLD CUP | ब्राजील-पुर्तगाल का नीरस ड्रॉ
FILE
कई स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी और अपने कलात्मक खेल के लिए मशहूर ब्राजील और पुर्तगाल ने आज यहाँ नीरस खेल का प्रदर्शन करते हुए गोलरहित ड्रॉ खेला।

पाँच बार का चैंपियन ब्राजील पहले ही अंतिम सोलह में पहुँच गया था जबकि पुर्तगाल एक अंक मिलने से ग्रुप 'जी' से दूसरी टीम के तौर पर नाकआउट में जगह बनाने में सफल रहा। ब्राजील अब प्री क्वार्टर फाइनल में ग्रुप 'एच' से दूसरे स्थान पर जबकि पुर्तगाल शीर्ष पर रहने वाली टीम से भिड़ेगा। ब्राजील सात अंक लेकर ग्रुप में 'जी' में चोटी पर रहा।

दुनिया भर के फुटबॉलप्रेमियों को रोमांचक मुकाबले की आस थी लेकिन पहले हाफ में दानी एल्विस और निलमार के कुछ प्रयासों को छोड़कर ब्राजील की टीम ने अपने प्रशंसकों को निराश किया, जबकि दूसरे हाफ में पुर्तगाली कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कुछ अच्छे प्रयास किए लेकिन ब्राजील गोलकीपर जूलियो सीजर ने उन्हें नाकाम कर दिया।

रोनाल्डो ने दूसरे हाफ में कुछ अच्छे मूव बनाए, जिसमें ब्राजीली टीम ने अधिकतर समय अपनी ताकत गोल बचाने में लगाई। ब्राजील ने इस तरह से विश्व कप में 32 साल बाद गोलरहित ड्रॉ खेला। इससे पहले उसने 1978 में स्पेन के खिलाफ भी गोलरहित ड्रॉ खेला था।

इसके नौ मिनट बाद लुईस फैबियानो का करीब से लगाया गया हेडर भी बाहर चला गया। पुर्तगाल को गोल करने का अच्छा मौका 50वें मिनट में मिला, जब रोनाल्डो खतरनाक तरीके से बॉक्स में घुसे लेकिन ब्राजीली कप्तान लुसियो की तारीफ करनी होगी, जिन्होंने उसे बचा दिया।

इसके दस मिनट बाद रोनाल्डो गेंद लेकर आगे बढ़े लेकिन फिर से लुसियो उनके सामने आ गए। लुसियो ने रोनाल्डो से तो खतरा टाल दिया लेकिन गेंद राल मीरेलेस के पास चली गई, जिन्हें छह मीटर की दूरी से केवल गोलकीपर को छकाना था। उन्होंने करारा शॉट भी जमाया लेकिन जुलियो सीजर ने दाएँ हाथ से उसे बाहर की तरफ डिफलेक्ट करके दिखाया कि आखिर उन्हें दुनिया का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर क्यों आँका जाता है।

इस परिणाम से पुर्तगाल ने अपने 19 मैच से अजेय रहने का अभियान बरकरार रखा है। वह आखिरी बार 2008 में ब्राजील के हाथों मैत्री मैच में 6-2 से पराजित हुआ था। इससे ब्राजील के लगातार सात मैच में जीत दर्ज करने के अभियान पर जरूर विराम लग गया।

ब्राजील के मिडफील्डर रामिरेज ने इंजुरी टाइम में पुर्तगाली गोल की तरफ करारा शॉट जमाया, जिसे डिफेंडर ने डिफलेक्ट किया और ऐसे में एडुआडरे को बचाव करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंतिम क्षणों में ब्राजील के डिफेंडर जुआन ने गलती की और डैनी के प्रयास को नाकाम करने के लिए जूलियो सीजर को अपनी पूरी ताकत लगानी पड़ी।

अपने हमलावर तेवरों के लिए मशहूर इन दोनों टीमों के बीच का यह मैच सात पीले कार्ड के लिए जरूर याद किया जाएगा। ब्राजील और पुर्तगाल दोनों की एक ही भाषा है और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने न सिर्फ गलत तरीके से एक दूसरे से गेंद छीनने की कोशिश की बल्कि फब्तियाँ भी कसी।

दोनों ही टीमें अपने चोटी के प्लेमेकर के बिना खेली। ब्राजील को मैदान में पूरे समय काका की कमी खली, जिन्हें आइवरी कोस्ट के खिलाफ पिछले मैच में लाल कार्ड दिखाया गया था जबकि पुर्तगाल को भी चोटिल डेको के बिना अच्छे मूव बनाने में दिक्कत हुई। (भाषा)