मंगलवार, 30 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Viswanathan Anand
Written By
Last Modified: सेंट लुई (अमेरिका) , गुरुवार, 3 सितम्बर 2015 (00:22 IST)

विश्वनाथन आनंद ने कार्लसन से खेला ड्रॉ

विश्वनाथन आनंद ने कार्लसन से खेला ड्रॉ - Viswanathan Anand
सेंट लुई (अमेरिका)। विश्वनाथन आनंद ने सिंकफील्ड कप शतरंज टूर्नामेंट के आखिरी दौर में विश्व चैंपियन नार्वे के मैगनस कार्लसन के खिलाफ भी बाजी ड्रॉ खेली और इस तरह से वे नौवें स्थान पर रहे। 
 
आनंद का यह प्रदर्शन निराशाजनक है। उन्हें नौ दौर के टूर्नामेंट में दो हार झेलनी पड़ी और इसके अलावा उन्होंने बाकी सात बाजियां ड्रॉ कराईं। इससे वे ग्रैंड चेस टूर तालिका में दूसरे स्थान से नीचे खिसक गए है। यह टूर दिसंबर में लंदन शतरंज क्लासिक के साथ समाप्त होगा। 
 
आर्मेनिया के लेवोन आरोनियन ने बुल्गारिया के वेसलिन टोपालोव के खिलाफ आसान ड्रॉखेला। आरोनियन ने कुल छह अंक के साथ टूर्नामेंट जीता। उन्होंने तीन बाजियां जीतीं जबकि छह बाजियां ड्रॉ कराईं। आखिरी दौर में एकमात्र बाजी जिसका परिणाम निकला उसमें अमेरिका के हिकारू नकामुरा ने रूस के अलेक्सांद्र ग्रिसचुक को हराया। 
 
अन्य दो बाजियों में फ्रांस के मैक्सिम वाचियर लाग्रेव ने नीदरलैंड के अनीस गिरी जबकि पिछले साल के विजेता फैबियानो कारूआना ने अमेरिका के वेस्ले सो के साथ अंक बांटे। टोपालोव और ग्रिसचुक 4-5 अंक के समान स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहे। इन दोनों ने कारूआना और आनंद पर पूरे एक अंक की बढ़त बनाई। वेस्ले सो तीन अंक लेकर आखिरी स्थान पर रहे। जहां तक ग्रैंड चेस टूर की तालिका की बात है, आनंद को यहां से केवल दो अंक मिले। उन्होंने इससे पहले नार्वे में खेले गए टूर्नामेंट में दस अंक हासिल किए थे। 
 
टोपालोव 17 अंक के साथ टूर तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं लेकिन नकामुरा (16), आरोनियन (15) और कार्लसन (14) अब उनके काफी करीब पहुंच गए हैं। गिरी 13 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं जबकि आनंद 12 अंक लेकर छठे स्थान पर खिसक गए हैं। टूर की तीनों प्रतियोगिताओं की 300000 डॉलर की पुरस्कार राशि के अलावा इस टूर में शीर्ष तीन पर रहने वाले खिलाड़ियों को 150000 का अलग से पुरस्कार मिलेगा। (भाषा)