1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Senior National Badminton Championship

राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में दिखेगी सिंधू व साइना की प्रतिद्वंद्विता

PV Sindhu
गुवाहाटी। पीवी सिंधू और साइना नेहवाल सहित भारत के शीर्ष शटलर मंगलवार से गुवाहाटी में शुरू होने वाली 83वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीत के लिए जोर लगाएंगे जिसकी शुरुआत क्वालीफायर मुकाबलों से होगी।
 
गत चैंपियन साइना और पिछले चरण की उपविजेता सिंधू महिला टीम में आकर्षण का केंद्र होंगी।। पुरुष एकल में हालांकि थोड़ी चमक फीकी हो जाएगी, क्योंकि गत चैंपियन एचएस प्रणय और उपविजेता किदाम्बी श्रीकांत के चोटिल होने के कारण इसमें नहीं खेलेंगे। इनकी अनुपस्थिति में पूर्व चैंपियन समीर वर्मा और पारुपल्ली कश्यप पर सभी की निगाहें लगी होंगी।
 
पिछले चरण में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले युवा लक्ष्मण सेन भी इस पर प्रभाव डालने का प्रयास करेंगे। बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में पुरुष और महिला एकल में 50 से नीचे की रैंकिंग वाले शीर्ष 8 खिलाड़ी सीधे प्री क्वार्टर से अपना सफर शुरू करेंगे। युगल में शीर्ष 50 में रहने वाली शीर्ष 4 टीमें क्वार्टर फाइनल में खेलेंगी। एकल ड्रॉ में 16 वरीय खिलाड़ी होंगे जबकि युगल में 8 जोड़ियों को वरीयता मिलेगी।
 
साइना ने नए बीडब्ल्यूएफ सत्र की शुरुआत इंडोनेशिया मास्टर्स में खिताबी जीत से की है और वह इसी लय को जारी रखकर चौथी बार राष्ट्रीय ट्राफी हासिल करना चाहेंगी। महिला एकल में सिंधू और साइना के अलावा श्रेयसी परदेशी, अश्मिता चालिहा, कनिका कंवल, अरुणा प्रभुदेसाई, साई उत्तेजिता राव और आकर्षि कश्यप सीधे प्री क्वार्टर फाइनल में चुनौती पेश करेंगी। पुरुष एकल में समीर वर्मा, बी साई प्रणीत और पारुपल्ली कश्यप के अलावा शुभंकर डे, अंसल यादव, चिराग सेन, बोधित जोशी और कार्तिक जिंदल सीधे प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले के लिए उतरेंगे। (भाषा)
अगला लेख
13 में से 11 मैच गंवा चुके श्रीलंका के सामने दक्षिण अफ्रीका में साख बचाने की चुनौती